राष्ट्रीय कवि संगम का 11वां राष्ट्रीय अधिवेशन 2 से 4 अक्टूबर तक प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में
देशभर से 300 से अधिक कवि होंगे शामिल, संगठनात्मक चर्चा के साथ आयोजित होंगी काव्य गोष्ठियां
जयपुर। ‘राष्ट्र जागरण, धर्म हमारा’ के ध्येय वाक्य के साथ राष्ट्रवादी कवियों के सबसे बड़े संगठन राष्ट्रीय कवि संगम का 11वां राष्ट्रीय अधिवेशन आगामी 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक आबू रोड स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन में देशभर से 300 से अधिक कवि एवं साहित्यकार भाग लेंगे।
राष्ट्रीय कवि संगम के राजस्थान के प्रदेश महामंत्री विवेकानंद शर्मा ने बताया कि तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, साहित्य एवं राष्ट्र जागरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर संगठनात्मक चर्चा होगी। इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों से आए कवियों की सहभागिता से विभिन्न सत्रों में कवि सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय कवि संगम के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष किशोर पारीक ने बताया कि अधिवेशन में राष्ट्रीय कवि संगम के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश अग्रवाल, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक बत्रा, राष्ट्रीय महामंत्री महेश शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार तथा राजस्थान विधानसभा में मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग सहित संगठन के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
राजस्थान की ओर से राष्ट्रीय कवि संगम के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधानसभा में मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग तथा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद पुरोहित के निर्देशन में विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्रदेश महामंत्री विवेकानंद शर्मा ने बताया कि अधिवेशन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार भी उपस्थित रहेंगे। उनके मार्गदर्शन में राष्ट्र, समाज, संस्कृति और साहित्य से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कवि संगम का उद्देश्य कविता और साहित्य के माध्यम से राष्ट्र जागरण, भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय चेतना को जन-जन तक पहुंचाना है।
आबू रोड में आयोजित होने वाला यह राष्ट्रीय अधिवेशन देशभर के कवियों और साहित्यकारों को एक मंच पर लाने के साथ संगठन की आगामी गतिविधियों और साहित्यिक अभियानों की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न सत्रों में संगठनात्मक एवं रचनात्मक विषयों पर चर्चा के साथ काव्य पाठ और कवि सम्मेलन भी आयोजित होंगे, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए कवि अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

