खड़गपुर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्र.1 खड़गपुर में 50वां वार्षिकोत्सव (धरोहर) विद्यालय के परिसर में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि अनुसूया पात्र (प्रथम महिला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर) ने दीप प्रज्वलन करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।विद्यालय की प्राचार्या डॉ. रिकिशा भौमिक ने मुख्य अतिथि महोदया, मीडिया के सम्मानित सदस्यों एवं उपस्थित अन्य अतिथियों का हरित स्वागत किया।
सर्वप्रथम विद्यालय के बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद प्राचार्या डॉ. रिकिशा भौमिक ने विद्यालय के वार्षिक प्रतिवेदन को प्रस्तुत करते हुए विविध क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों का विवरण दिया, जिनमे युवा संसद में उत्कृष्ट प्रदर्शन, सी.बी.एस.सी. बोर्ड परीक्षाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, हिंदी ओलम्पियाड, आदि उल्लेखनीय है।
तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा छात्रों को पुरस्कार वितरित किया गया। साथ ही मुख्य अतिथि महोदय प्रो. अमित पात्र ’निदेशक’ आई.आई.टी. खड़गपुर ने अपने संबोधन में विद्यालय के प्रदर्शन को सराहा और बच्चों को निरंतर प्रयासरत रहकर अपनी अंतर्निहित शक्तियों का पूर्ण उपयोग कर जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के क्रम में कठपुतली नृत्य, क़व्वाली, नुक्कड़ नाटक, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करता योग प्रदर्शन, ’जल बचाओ पृथ्वी बचाओ’ का सन्देश देता मूक नाटक (MIME), महाराष्ट्र की संस्कृति की झलक देते नृत्य जैसी एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर छात्रों ने अपनी प्रतिभा की झलक दिखला कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध एवं झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण थीम नृत्य रहा। कार्यक्रम का समापन विद्यालय की वरिष्ठ प्राथमिक शिक्षिका पिंकी सिंह के धन्यवाद ज्ञापन व राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल रूपायन के लिए प्राचार्या ने विद्यालय के शिक्षकों तथा कर्मचारियों के योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं का योगदान महत्वपूर्ण रहा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

