फुटबाल फोर स्कूल कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक हुआ आयोजन
खड़गपुर। रेल नगरी खड़गपुर अंतर्गत रेलवे सेटलमेंट क्षेत्र स्थित पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 खड़गपुर में गुरुवार को फुटबाल फोर स्कूल कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि केविएस के खड़गपुर संकुल प्रभारी सह पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-दो वायु सेना स्थल, कलाईकुंडा के प्रचार्य अभिषेक त्रिपाठी ने दोपहर 3 बजे अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।
विद्यालय की ओर से अतिथि का ग्रीन वेलकम (पौधा भेंट कर) किया गया। स्वागत भाषण विद्यालय के प्राचार्य संग्राम बनर्जी ने आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए खेल के महत्व और विद्यालय की प्रगति पर प्रकाश डाला। विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक स्वागत गान एवं नृत्य प्रस्तुत किया किया।

मुख्य अतिथि अभिषेक त्रिपाठी ने अपने संबोधन में फुटबाल फोर स्कूल पहल की सराहना करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि जीवन कौशल सीखने का भी एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने भारत को फुटबाल का पावरहाउस बनाने के विजन 2047 के संकल्प को भी दोहराया।
फुटबाल फोर स्कूल योजना के तहत राज्य के 11,847 स्कूलों में 88,113 फुटबाल वितरित किए जाने का लक्ष्य है। पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-दो को 6866 फुटबाल 1003 विद्यालयों को वितरित करने का लक्ष्य दिया गया है।
इसमें 5477 फुटबाल 693 विद्यालयों को वितरित किए जा चुके हैं। आज वितरण के तृतीय चरण में 1380 फुटबाल 310 विद्यालय को प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का समापन हिजली हाई स्कूल और पीएमश्री केवी क्रमांक 2 खड़गपुर के बीच एक प्रतीकात्मक फुटबाल मैच के साथ हुआ। किक-आफ करते हुए मुख्य अतिथि ने मैच का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक व अभिभावक उपस्थित रहे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



