जिले के 1003 स्कूलों में वितरित किए गए 6886 फीफा फुटबॉल
खड़गपुर। उत्साह और ऊर्जा के जीवंत प्रदर्शन में पश्चिम मेदिनीपुर जिले की रेल नगरी खड़गपुर अंतर्गत रेलवे सेटलमेंट क्षेत्र में स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्र 2 खड़गपुर में रविवार की शाम स्कूलों के लिए फीफा फुटबॉल कार्यक्रम का हर्षोल्लास के वातावरण में आयोजन किया गया।
इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि मेदिनीपुर के पूर्व सांसद दिलीप घोष ने फुटबॉल फॉर स्कूल्स (एफ4एस) के तहत फीफा फुटबॉल के वितरण के लिए किक-ऑफ कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
समाराेह को संबोधित करते हुए उन्होंने समग्र विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल को जोड़ने के महत्व पर जोर दिया। पूर्व सांसद ने जमीनी स्तर पर जुड़ाव के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को पोषित करने में शिक्षा मंत्रालय और फीफा के सहयोगात्मक प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान पीएम श्री केवि क्र2 खड़गपुर बनाम गोपाली हाई स्कूल के बीच मैत्रीपूर्ण फुटबाल मैच भी खेला गया। कार्यक्रम में लगभग 50 अभिभावकों व गणमान्य अतिथियों के साथ साथ 400 विद्यार्थियों और 300 शिक्षकों व कर्मचारियों ने भाग लिया।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्र2 खड़गपुर के प्राचार्य संग्राम बनर्जी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए शिक्षा मंत्रालय के इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार और फीफा के बीच इस संयुक्त सहयोग का उद्देश्य फुटबॉल को शिक्षा प्रणाली में एकीकृत करके स्कूली बच्चों को सशक्त बनाना है।
इस कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा मंत्रालय और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) द्वारा किया गया था। पीएम श्री केवि क्र2 खड़गपुर में पश्चिम मेदिनीपुर जिले के 1003 स्कूलों में 6886 फीफा फुटबॉल वितरित किए गए। इस अवसर पर एआईएफएफ के सदस्य डॉ. सुब्रत कुमार पान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

