IMG 20260125 WA0013

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, IIT खड़गपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ‘ग्रैंडपेरेंट्स डे’

खड़गपुर। स्थानीय पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर के प्रांगण में दादा-दादी एवं नाना-नानी के सम्मान में ‘ग्रैंडपेरेंट्स डे’ का भव्य एवं भावपूर्ण आयोजन किया गया। विद्यालय की इस अनूठी पहल के अंतर्गत एक छात्र के दादा-दादी को ही मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, प्राचार्या डॉ. रिकिशा भौमिक एवं प्रधानाध्यापक द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन तथा माँ सरस्वती की वंदना के साथ किया गया।

समारोह में बालवाटिका-3 के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक ‘वेलकम डांस’ ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इसके पश्चात छात्रों द्वारा प्रस्तुत लघु नाटक (Skit) के माध्यम से यह प्रभावशाली संदेश दिया गया कि बुजुर्गों से प्राप्त संस्कार ही जीवन की वास्तविक पूंजी होते हैं।

इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. रिकिशा भौमिक ने एक हृदय स्पर्शी कविता के माध्यम से बुजुर्गों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की, वहीं प्रधानाध्यापक ने अपने संबोधन में कहा कि बुजुर्गों का अनुभव एवं मार्गदर्शन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन शिक्षक अर्पित पाण्डेय एवं राखी द्वारा किया गया। अर्पित पाण्डेय ने रिश्तों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि “अंग्रेजी के ‘Grand’ शब्द का अर्थ होता है – बड़ा, महान, शानदार, प्रतिष्ठित और गरिमामय।

किंतु शब्दकोश के ये सभी विशेषण भी हमारे दादा-दादी और नाना-नानी के निस्वार्थ प्रेम के सामने कम प्रतीत होते हैं। वास्तव में, हमारे जीवन रूपी सुंदर वस्त्र में बुजुर्ग वह मजबूत ‘धागा’ हैं जो परिवार को जोड़े रखते हैं, और बच्चे वह कोमल ‘रेशा’ हैं जो इसे पूर्णता प्रदान करते हैं।”

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण एक दादाजी द्वारा अपनी पोती के साथ हारमोनियम बजाकर गायन प्रस्तुति रही। इसके अतिरिक्त, उपस्थित वरिष्ठ अभिभावकों ने मंच पर आकर अपने अनुभव साझा किए और विद्यालय की इस सराहनीय पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

अंत में दादा-दादी एवं नाना-नानी के लिए आयोजित खेल के विजेताओं को उपहार एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए। सभी अतिथियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई तथा राष्ट्रगान के साथ इस गरिमामय समारोह का सफल एवं भव्य समापन हुआ।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

18 − one =