खड़गपुर ब्यूरो | 03 अगस्त 2026: फिट इंडिया मूवमेंट, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) एवं पीएम श्री योजना के तहत पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पश्चिम मेदिनीपुर में रविवार को “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम प्रभारी प्राचार्य विनोद रंजन के मार्गदर्शन में तथा खेल शिक्षिका सीमा देब के संयोजन में संपन्न हुआ।
योगाभ्यास से हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः योगाभ्यास से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित व्यायाम के महत्व पर बल दिया गया।
साइकिल रैली निकाली गई
इसके बाद सुबह 10 बजे “संडे ऑन साइकिल” अभियान के तहत साइकिल रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए फिट इंडिया मूवमेंट के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता और योग काउंसिलिंग
शाम के सत्र में बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके उपरांत योग काउंसिलिंग सत्र में योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों पर विस्तृत जानकारी दी गई। पूरे दिन विभिन्न गतिविधियों के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
प्राचार्य और शिक्षिका का बयान
प्रभारी प्राचार्य विनोद रंजन ने कहा, “फिट इंडिया अभियान का उद्देश्य केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना नहीं, बल्कि अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली विकसित करना भी है। विद्यार्थियों को योग, व्यायाम और खेलकूद को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।”
खेल शिक्षिका सीमा देब ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ टीम भावना और अनुशासन का भी विकास करते हैं।
अन्य योगदान और समापन
विद्यालय के अन्य शिक्षकों में श्रीनिवास प्रसाद, डी सी भद्र, शिखा माइति आदि ने भी अपना योगदान दिया। कार्यक्रम का समापन थूम्बा डांस के साथ हुआ।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।


