खड़गपुर। रेल नगरी खड़गपुर अंतर्गत सेटलमेंट क्षेत्र स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्र 2 खड़गपुर में शैक्षणिक सत्र 2025- 26 के लिए शनिवार को अलंकरण समारोह का धूमधाम से आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत प्राचार्य संग्राम बनर्जी, वरिष्ठ शिक्षिका हिमानी मेहता व सी.एल.ए. प्रभारी जयशंकर प्रसाद ने दीप प्रज्जवलन के साथ किया।
यह समारोह प्राथमिक व माध्यमिक विभाग के सभी छात्रों के साथ सुभाष, टैगोर, अशोक और रमन सदन के अपने-अपने गृह समूह में एकत्रित होने के बाद शुरू किया गया। प्राचार्य संग्राम बनर्जी ने विद्यार्थी परिषद – स्कूल कैप्टन, वाइस कैप्टन, स्पोर्ट्स कैप्टन तथा प्रत्येक सदन से हाउस कैप्टन, हाउस वाइस कैप्टन, हाउस सीएलए कैप्टन, हाउस सीएलए वाइस कैप्टन, हाउस स्पोर्ट्स कैप्टन को शैश व बैज पहनाकर जिम्मेदारी सौंपी।
स्कूल कैप्टन के रूप में 12वीं के छात्र अतुल्या सिंह व दीपाली मोहंती तथा स्कूल वाइस कैप्टेन के रूप में प्रसन्ना पटनायक 11 ‘अ’, सोनिया कनौजिया 12 ‘द’ और स्कूल स्पोर्ट्स कैप्टन के रूप में सिद्धार्थ लिमाई, हंशिखा बल्ला को प्राचार्य द्वारा शैश व बैज प्रदान किया गया। सभी सदन प्रभारियों ने अपने-अपने सदन के बच्चों को शैश व बैज प्रदान किया।
तदुपरांत स्कूल कैप्टन द्वारा सभी पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराई गई। समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य संग्राम बनर्जी ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है। आज हमारे विद्यालय की विद्यार्थी परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों ने अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की शपथ ली है।
मैं आप सभी को इस नई भूमिका के लिए हार्दिक बधाई देता हूँ। यह न केवल एक सम्मान है, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। आप सभी विद्यालय के रोल मॉडल हैं।
आप में नेतृत्व के जो गुण हैं, उनका सही दिशा में उपयोग करके आप विद्यालय को एक नई ऊंचाई तक ले जा सकते हैं। आप सभी का यह कार्यकाल सफल हो, और आप विद्यालय के गौरव में वृद्धि करें।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

