थाईलैंड से लौटी नन्ही प्रतिभा का जोरदार स्वागत ढोल-नगाड़ों के साथ गांव तक निकली शोभायात्रा
तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। उम्र छोटी है, लेकिन हौसला और हुनर किसी बड़े खिलाड़ी से कम नहीं। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के पिंगला ब्लॉक के मोहनपुर गांव की चौथी कक्षा की छात्रा सनम खातून ने अंतरराष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित एशिया पैसिफिक योगासन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए सनम ने सब-जूनियर वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की।
यूनिवर्सल योगा स्पोर्ट्स फेडरेशन के तत्वावधान में 4 से 7 सितंबर तक बैंकॉक में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा थाईलैंड, मलेशिया, श्रीलंका समेत कई देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 5 सितंबर को प्रतियोगिता में अपने शानदार योगासन कौशल का प्रदर्शन करते हुए सनम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली इस कामयाबी के बाद सनम जब मंगलवार को अपने गांव लौटी तो उसके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। डेबरा के बालिचक में स्थानीय लोगों ने नन्ही योग प्रतिभा का अभिनंदन किया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्रा निकाली गई और सनम को सम्मानपूर्वक उसके मोहनपुर स्थित घर तक पहुंचाया गया। इस दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया।
पिता की मेहनत बनी सफलता की नींव :
सनम की इस उपलब्धि के पीछे उसके पिता सब्बिर अली की मेहनत भी महत्वपूर्ण है। सब्बिर स्वयं योग प्रशिक्षक हैं और उन्होंने बेटी को छोटी उम्र से ही योगासन का प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया था। पढ़ाई के साथ नियमित अभ्यास करते हुए सनम ने योगासन में अपनी प्रतिभा को निखारा और आखिरकार अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
बेटी की उपलब्धि से बेहद खुश सब्बिर अली ने कहा, “मेरा लक्ष्य बेटी को अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित करना है। इसी लक्ष्य को सामने रखकर छोटी उम्र से ही उसे नियमित प्रशिक्षण दे रहा हूं।” अब नजर बड़े मंच पर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करने के बाद सनम का उत्साह भी बढ़ा है। उसका लक्ष्य आने वाले दिनों में देश और विदेश की बड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर भारत के लिए और पदक जीतना है।
सनम की सफलता से पिंगला के ग्रामीण भी गौरवान्वित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक जीतना पूरे इलाके के लिए गर्व की बात है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि सनम आने वाले समय में योगासन के बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराएगी और पश्चिम मेदिनीपुर के साथ बंगाल का नाम भी देश-दुनिया में रोशन करेगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

