तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर प्रेस क्लब की ओर से रविवार को सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए रक्तदान शिविर और वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शहर के बर्ज टाउन स्थित प्रेस क्लब कार्यालय स्वरवर्ण भवन में आयोजित हुआ, जिसमें जिले के प्रशासनिक, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।
रक्तदान शिविर के उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी बिजिन कृष्णा, पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना, विधायक शंकर गुच्छाइत तथा नगर पालिका के अध्यक्ष सौमेन खान सहित अन्य अतिथियों ने भाग लिया।
अतिथियों ने रक्तदान को मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए लोगों से नियमित रूप से इस तरह के अभियानों से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में प्रेस क्लब के समीप स्थित बर्ज टाउन मैदान में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान अतिथियों और प्रेस क्लब के सदस्यों ने मिलकर 10 पौधे रोपे तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। कई महिला रक्तदाताओं सहित कुल 25 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी योगदान दिया।
प्रेस क्लब के सचिव समीर मंडल ने बताया कि रक्तदान शिविर का आयोजन क्लब द्वारा हर वर्ष नियमित रूप से किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस सामाजिक पहल में हर साल बड़ी संख्या में लोग उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

