कोलकाता हिन्दी न्यूज | 13 अक्टूबर 2026: क्रिसमस के भव्य आयोजन के लिए मशहूर कोलकाता के पार्क स्ट्रीट में इस बार दुर्गापूजा को लेकर खास चर्चा है। भाजपा युवा नेता शंकुदेव पांडा की पहल पर एलन पार्क में पहली बार दुर्गा आराधना का आयोजन किया गया है।
दिसंबर में क्रिसमस की रोशनी से जगमगाने वाला यह इलाका इस बार उससे पहले ही रोशनी की मालाओं से सज गया है। सोमवार की द्वितीया की रात मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूजा का उद्घाटन किया। इस मौके पर भाजपा सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार भी मौजूद रहे।
‘मां के आगमन से पार्क स्ट्रीट पवित्र हुआ’
पूजा का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “अब जाकर मां के आगमन से पार्क स्ट्रीट शुद्ध हुआ है। इतने वर्षों में यहां कोई पूजा नहीं हुई। पूजा करने के लिए हाई कोर्ट जाना पड़ता था।”
उन्होंने पूजा के आयोजक शंकुदेव पांडा की मौजूदगी में कहा कि पूरा राष्ट्रवादी दल यहां उपस्थित है।
मुख्यमंत्री ने पार्क स्ट्रीट में कथित तौर पर ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ की गतिविधियों का जिक्र करते हुए कहा कि मां दुर्गा के आगमन से पूरा इलाका पवित्र हुआ है। उन्होंने लोगों से इस पूजा की परंपरा को बनाए रखने की अपील भी की।
पूजा में प्रसाद खाने की इच्छा जताई
सोमवार को मुख्यमंत्री ने कोलकाता के कई प्रमुख दुर्गापूजा आयोजनों का उद्घाटन किया। देर रात करीब 11 बजे वह एलन पार्क पहुंचे और पूजा का उद्घाटन किया। व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद उन्होंने मुस्कुराते हुए आयोजकों और उपस्थित लोगों से मुलाकात की।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यदि संभव हुआ तो वह पूजा के दौरान एक दिन एलन पार्क आकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। उन्होंने परंपरा, संस्कृति और विरासत को बनाए रखने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने महालया और पितृपक्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि इस बार पवित्रता और संस्कृति का ध्यान रखते हुए मां दुर्गा का स्वागत किया गया है।
तसलीमा नसरीन भी पहुंचीं पूजा देखने
एलन पार्क की इस दुर्गापूजा को देखने सोमवार को प्रख्यात लेखिका तसलीमा नसरीन भी पहुंचीं। वह इन दिनों कोलकाता में हैं। पूजा देखने के बाद उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए आयोजन की प्रशंसा की। उनके इस पोस्ट के बाद भी पूजा चर्चा में आ गई है।
क्रिसमस के लिए प्रसिद्ध पार्क स्ट्रीट में दुर्गापूजा का यह नया आयोजन धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक बयानबाजी के कारण भी सुर्खियां बटोर रहा है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

