संवाद सूत्र, खड़गपुर। जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और लगातार घटते हरित क्षेत्र के बीच वन सप्ताह के अवसर पर मेदिनीपुर सदर ब्लॉक के पांचखुरी स्थित ऋषि अरविंद शिक्षक शिक्षण महाविद्यालय ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में सरोकार मूलक पहल की।
महाविद्यालय की ओर से पांचखुरी बाजार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण, पौधों का वितरण, पर्यावरण विषयक क्विज प्रतियोगिता, जागरूकता नारे तथा “बचेगी पृथ्वी” विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
इन गतिविधियों के माध्यम से छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों को बताया गया कि स्वच्छ पर्यावरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
वक्ताओं ने वन संरक्षण, जैव विविधता, प्रदूषण नियंत्रण और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं हरित भविष्य सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
महाविद्यालय ने स्पष्ट किया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। इसी सोच के तहत विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ ही आने वाली पीढ़ी के लिए सबसे कीमती तोहफा हो सकता है” संदेश के साथ प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने की अपील की गई।
इस अवसर पर पांचखुरी क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, महाविद्यालय के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं तथा आसपास के गांवों के बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सफलता पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. माधव चंद्र रथ ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण तभी सफल होगा, जब यह हर व्यक्ति की जीवनशैली का हिस्सा बने।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

