हावड़ा। जिले के आंदुल क्षेत्र में बुधवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो नाबालिगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा किशोर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
घटना रात करीब 10 बजे की है, जब कदमतला के पास अंदुल रोड पर एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि 17 वर्षीय राज लस्कर और इरपन मोल्ला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक शिल्टू मोल्ला गंभीर रूप से घायल हो गया।
तीनों युवक मानिकपुर के संकरैल थाना क्षेत्र के गोराबांध इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे एक दोस्त का मोबाइल खरीदने के लिए बाहर निकले थे और लौटते वक्त हादसे का शिकार हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल शिल्टू को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही संकरैल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस हृदयविदारक हादसे का दृश्य पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसे पुलिस ने जांच में शामिल कर लिया है।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है। पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने अंदुल रोड पर सुरक्षा उपायों को लेकर प्रशासन से सवाल खड़े किए हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

