तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। उत्तर बंगाल स्थित तिस्ता नदी के किनारे जलपाईगुड़ी जिले के क्रांति ब्लॉक के बसुसुबा क्षेत्र में पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर क्विज केंद्र के पाँच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने अपनी क्षमता के अनुसार राहत सामग्री वितरित की।
इसके साथ ही वहाँ नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जहाँ जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क आवश्यक दवाइयाँ दी गई।
इन कार्यों के सफल संचालन में स्थानीय सर्वे और प्रबंधन का दायित्व संभालते हुए समाजसेवी अंकुर दास के नेतृत्व में जलपाईगुड़ी की स्वेच्छासेवी संस्था ग्रीन जलपाईगुड़ी के सदस्यों ने भी सहयोग किया। साथ ही डॉ. श्यामल दे ने भी चिकित्सकीय सहायता प्रदान की।

राहत सामग्री के रूप में 60 परिवारों के दो सौ से अधिक सदस्यों को नए प्लास्टिक चटाई, कंबल, मच्छरदानी, साड़ी, गमछा, टी-शर्ट, सेनेटरी नैपकिन, ब्लीचिंग पाउडर आदि सामग्रियाँ सौंपी गईं। इसके अलावा प्रयोग योग्य पुराने कपड़े भी वितरित किए गए।
इस कार्यक्रम के लिए मेदिनीपुर क्विज केंद्र की ओर से अरिंदम दास, सुभाष जाना, सुदीप कुमार खाड़ा, नरसिंह दास और मनोरंजन मन्ना की पाँच सदस्यीय टीम शनिवार तड़के मेदिनीपुर से उत्तर बंगाल के लिए रवाना हुई।
कोलाघाट में क्विज केंद्र के सचिव सुजन बेरा ने प्रतिनिधिमंडल को शुभकामनाएँ दी। शनिवार रात वे लाटागुड़ी पहुँचे और रविवार सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक राहत वितरण और स्वास्थ्य शिविर का कार्य चला। राहत सामग्री प्राप्त कर स्थानीय आपदा पीड़ित निवासी अत्यंत प्रसन्न हुए।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



