कोलकाता। भारतीय खाद्य निगम, मंडल कार्यालय, मुर्शिदाबाद के मंडल प्रबंधक महोदय मैसनाम रूपम सिंह के अनुमोदन से कार्यालय परिसर में ‘राजभाषा हिंदी और हिन्दी व्याकरण में लिंग-विधान’ विषय पर एक दिवसीय राजभाषा कार्यशाला का आयोजन 10/06/2025 दिन मंगलवार को सम्पन्न हुआ। जिसमें अतिथि वक्ता के रूप में बैरकपुर राष्ट्रगुरु सुरेन्द्रनाथ कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ. बिक्रम कुमार साव उपस्थित रहें। उक्त कार्यशाला में प्रबंधक मनोज कुमार सेठी, जेम्स अजय टोप्पो, चिरंजन दास, संतोष यादव समेत ब्रतती मित्रा, शास्वती सेठ, सृजा चौधरी, निवास बर्नवाल, जयंत रॉय, देबांजन दास एवं अन्य कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
विषय पर अपनी बात रखते हुए अतिथि वक्ता डॉ. बिक्रम कुमार साव ने प्रशिक्षण ले रहे कर्मचारियों को बताया कि भाषा वैज्ञानिक दृष्टि से भाषाओं के अध्ययन के लिए लिंग का अध्ययन करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। वाक्य की योजना बनाना तथा वाक्य निर्माण में लिंग की काफी बड़ी भूमिका होती है। यह प्रोक्ति में भाषा वैज्ञानिक रूप से विविधता का निर्माण करता है। लिंग-अंकन का प्राकृतिक भाषा संसाधन के समकक्ष बहुत प्रयोग एवं महत्व है। जिनमें व्याकरण की त्रुटियों की जाँच करना, मशीनी अनुवाद, सूचना निष्कर्षण तथा भाषा शिक्षण मुख्य है।
अपने व्याख्यान के दौरान उन्होंने लिंग के निर्णय में आने वाली कठिनाइयों पर भी ध्यान आकर्षित किया एवं लिंग निर्णय के नियमों से कर्मचारियों को अवगत एवं अभ्यास कराया। उन्होंने यह भी कहा कि जिनकी मातृभाषा हिंदी होती है उन्हें सहज व्यवहार के कारण लिंग निर्णय में परेशानी नहीं होती। लेकिन इनमें एक समस्या तब आती है जब कुछ पुल्लिंग शब्दों के पर्यायवाची स्त्रीलिंग होते हैं और कुछ स्त्रीलिंग शब्दों के पर्यायवाची पुल्लिंग एवं कुछ अपवाद शब्द के भ्रम से उत्पन्न होते हैं। जैसे पुस्तक को स्त्रीलिंग और ग्रंथ को पुल्लिंग की श्रेणी में रखते हैं।
उन्होंने प्रशिक्षणरत कार्मिकों को यह भी बताया कि सामान्य व्यवहार से लिंग निर्धारित करना आसान हो जाता है। परन्तु शब्दों के लिंग निर्धारण करना ही काफी नहीं। हिंदी में वाक्य लिखते हुए विभिन्न शब्दों को जोड़ने में भी लिंग का ध्यान रखना होता है अतः भाषा विज्ञान की दृष्टि से लिंग निर्धारण व्याकरण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्यशाला का सफल संचालन हिन्दी अधिकारी धर्मेंद्र साव ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक, मनोज कुमार सेठी ने किया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

