कोलकाता। भारतीय खाद्य निगम, मंडल कार्यालय, मुर्शिदाबाद में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन एवं कर्मचारियों में हिंदी भाषा के व्यावहारिक ज्ञान को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंडल प्रबंधक, मैसनाम रुपम सिंह के दिशा-निर्देशानुसार दिनांक 22.12.2025 को कार्यालय परिसर में एक दिवसीय राजभाषा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय “हिंदी भाषा में प्रयोग होने वाले विभक्ति/कारक/ तिर्यक/परसर्ग एवं मशीनी अनुवाद” रखा गया।
कार्यशाला में हिंदी भाषा में कार्यसाधक ज्ञान प्राप्त 01 अधिकारी एवं 04 कर्मचारियों सहित मंडल कार्यालय के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी स्वेच्छा से उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी भाषा के व्याकरणिक पक्षों को सरल एवं व्यावहारिक ढंग से समझाना तथा कार्यालयीन कार्यों में शुद्ध, स्पष्ट और प्रभावी हिंदी प्रयोग को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर बैरकपुर राष्ट्रगुरु सुरेंद्रनाथ कॉलेज, बैरकपुर से सहायक प्रोफसर एवं विषय विशेषज्ञ डॉ. बिक्रम कुमार साव विशेष अतिथि वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यशाला के केंद्रीय विषय पर विस्तृत एवं रोचक व्याख्यान प्रस्तुत किया।

अपने संबोधन में उन्होंने हिंदी भाषा में प्रयुक्त विभक्ति/ कारक/ तिर्यक/परसर्ग की अवधारणाओं को उदाहरणों के माध्यम से स्पष्ट किया तथा इनके सही प्रयोग से वाक्य संरचना में होने वाले सकारात्मक प्रभाव पर प्रकाश डाला।
इसके अतिरिक्त डॉ. साव ने वर्तमान समय में कार्यालयीन कार्यों में उपयोगी मशीनी अनुवाद की भूमिका, उसकी सीमाएँ तथा सावधानियों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने यह भी बताया कि मशीनी अनुवाद के उपयोग के बाद भाषा की शुद्धता सुनिश्चित करने हेतु मानवीय संपादन अत्यंत आवश्यक है।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देते हुए वक्ता ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया, जिससे कार्यशाला और अधिक संवादात्मक एवं उपयोगी सिद्ध हुई। प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण को दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के सही प्रयोग हेतु अत्यंत लाभकारी बताया।
अंत में राजभाषा अनुभाग से धर्मेंद्र कुमार साव की ओर से अतिथि वक्ता को धन्यवाद ज्ञापन किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार की ज्ञानवर्धक कार्यशालाओं के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया गया। कार्यशाला सकारात्मक वातावरण एवं हिंदी भाषा के प्रति नई प्रेरणा के साथ संपन्न हुई।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



