IMG 20251231 WA0033

खड़गपुर में साइलेंसर नहीं, कानून बोला- नववर्ष से पहले तेज आवाज वाली बाइकों पर पुलिस का करारा प्रहार

तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। नववर्ष की पूर्व संध्या पर खड़गपुर की सड़कों पर इस बार शोर नहीं, कानून की सख्त आवाज गूंजी। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर टाउन थाना और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर तेज आवाज और हुड़दंग मचाने वाली बाइकों पर नकेल कस दी।

कार्रवाई के दौरान 22 बाइकों को मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत पकड़ा गया, भारी साइलेंसर और तेज हॉर्न मौके पर ही खुलवाए गए तथा वाहन मालिकों से जुर्माना वसूला गया।

यह अभियान खास तौर पर उन युवाओं को ध्यान में रखकर चलाया गया, जो नववर्ष के जश्न को सड़क पर रेस, व्हीलिज और कान फाड़ देने वाली आवाज में बदल देते हैं।

ट्रैफिक ओसी संगीत राय ने साफ शब्दों में कहा, “तेज आवाज वाली बाइकें केवल ध्वनि प्रदूषण नहीं फैलातीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनती हैं। नववर्ष शांतिपूर्ण हो- इसी उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है और आगे भी जारी रहेगी।”

स्थानीय राहगीरों और नागरिकों की यह पुरानी शिकायत रही है कि मनबढ़ युवाओं की बाइकों की गर्जना से सड़कें थर्रा उठती हैं और सामान्य आवागमन बाधित होता है। खासकर नववर्ष की रात यह शोर पटाखों और स्टंटबाजी के साथ और भयावह हो जाता है।

पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि आगे नियम तोड़ने वालों पर वाहन जब्ती सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। इस सख्ती से शहरवासियों में संतोष है और उम्मीद भी- कि खड़गपुर इस बार शोर नहीं, सुकून के साथ नए साल का स्वागत करेगा।IMG 20251231 WA0032

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

4 × 1 =