कोलकाता हिन्दी न्यूज | 16 अगस्त 2026: नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (NLSIU) में विवाद गहरा गया है। यहां के छात्रों और पूर्व छात्रों ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा के यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होने पर कड़ी आपत्ति जताई है।
इससे पहले NALSAR में चीफ जस्टिस को दीक्षांत समारोह में बुलाने का विरोध हुआ था। मामला अभी शांत नहीं हुआ कि अब NLSIU में भी विरोध के स्वर उठे हैं।
छात्रों का आरोप
छात्रों ने कहा कि मनन कुमार मिश्रा ने NALSAR यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के मामले में अपने व्यवहार और भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) के व्यवहार के लिए कोई जिम्मेदारी नहीं ली है।
विरोध पत्र पर हस्ताक्षर
2026 बैच के 165 ग्रेजुएट होने वाले छात्रों, 409 मौजूदा छात्रों और 128 पूर्व छात्रों ने इस विरोध पत्र में हस्ताक्षर किए हैं। एक बयान में, NLSIU समुदाय ने NALSAR के छात्रों और फैकल्टी के प्रति बिना शर्त एकजुटता भी दिखाई।
दीक्षांत समारोह का महत्व
छात्रों ने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी छात्र के एकेडमिक जीवन की एक बहुत बड़ी घटना और उनके परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होती है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने छात्रों के प्रति सार्वजनिक रूप से नफरत और नीची नजरिए का इजहार किया है, उन्हें ही छात्रों को डिग्री देने के लिए बुलाना अपमानजनक, जिल्लत भरा और छात्रों व उनके संघर्षों का मजाक उड़ाने जैसा है।
यह विरोध NLSIU परिसर में चर्चा का विषय बना हुआ है। विश्वविद्यालय प्रशासन का इस पर आधिकारिक पक्ष अभी सामने आना बाकी है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

