तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मिदनापुर की हरित वसुंधरा पर ज्ञान का एक नया सूर्य उदित हुआ, जब शालबनी उच्च विद्यालय के पुस्तकालय में “डिजिटल लाइब्रेरी” का शुभारंभ हुआ। इस शुभ क्षण का दीप प्रज्वलन किया कोलकाता की एस. एस. जैन सभा द्वारा संचालित “श्री जैन बुक बैंक” के प्रेरणा स्रोत और शिक्षा साधक सुशील गेलारा ने।
इस ऐतिहासिक आयोजन में विद्या-जगत के मनीषी और मिदनापुर सहित जंगल महल क्षेत्र के जिला समन्वयक गौतम कुमार बस भी उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय रिजर्व बैंक नोट मुद्रण प्रा.लि., शालबनी शाखा के डी.जी.एम.यू.; एस. शास्त्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने अपने सान्निध्य से समारोह को अनुपम गरिमा प्रदान की।

विद्यालय के अध्यक्ष अनुपम साहा, प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर बाग, सहायक प्रधानाचार्य विश्वनाथ मेइकाप सहित सभी शिक्षक, शिक्षिका और कर्मीजन इस ज्ञानोत्सव के साक्षी बने। सांस्कृतिक उपसमिति की युगल संयोजिका दीपा भकत एवं उनकी टीम ने कार्यक्रम का संचालन सौंदर्य और शालीनता के संग किया।
ग्रंथपाल अनिन्दसुंदर दास ने अपने भावनात्मक सहयोग से कार्यक्रम के हर चरण में ऊर्जा भर दी। इस डिजिटल ज्ञान-संपदा के निर्माण में कोलकाता की श्री जैन बुक बैंक ने अपना अमूल्य सहयोग देकर शिक्षा-जगत में नई तकनीकी चेतना का दीप जलाया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



