खड़गपुर। केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई चार श्रम संहिताओं के विरोध में 12 फरवरी को प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में राष्ट्रीय कॉन्ट्रैक्ट मजदूर यूनियन (आरसीएलयू) पश्चिम मेदिनीपुर जिला कमेटी द्वारा लगातार जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज आरसीएलयू ने भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (सीटू) के साथ मिलकर खड़गपुर में अभियान कार्यक्रम आयोजित किया।
आज खड़गपुर स्थित रेलवे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय तथा खड़गपुर रेलवे स्टेशन के समीप 12 फरवरी की ऑल इंडिया हड़ताल के समर्थन में एक जुलूस निकाला गया। जुलूस के माध्यम से रेलवे क्षेत्र में कार्यरत ठेका श्रमिकों और अन्य मजदूरों के बीच हड़ताल को लेकर व्यापक जागरूकता फैलाई गई, जिससे इलाके में खासा उत्साह और हलचल देखी गई।
इस अवसर पर आरसीएलयू से जुड़े सभी मजदूरों ने एकजुट होकर 12 फरवरी को काम बंद कर हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया। मजदूर नेताओं ने कहा कि चार श्रम संहिताएं मजदूर विरोधी हैं, जिनसे श्रमिकों के अधिकार, नौकरी की सुरक्षा और सामाजिक संरक्षण पर सीधा हमला हो रहा है।

सीटू नेतृत्व ने आरसीएलयू के मजदूरों द्वारा लिए गए इस निर्णय का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी और कहा कि मजदूरों की एकता ही इन श्रम संहिताओं के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है। नेताओं ने सभी वर्गों के मजदूरों से हड़ताल में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



