हर दिन बदलती दुनिया के रहस्यों को उद्घाटित करती है भक्ति कविता – पूर्व प्रतिकुलपति प्रो. मिश्र
कवियों ने भक्ति तत्व को अपने कार्यों और वाणी से लोकजनीन बनाया – प्रो. शर्मा
उज्जैन। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन की हिंदी अध्ययनशाला में भारतीय भक्ति आंदोलन और भक्ति काव्य के योगदान पर अभिकेंद्रित राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा के पूर्व प्रतिकुलपति और विभागाध्यक्ष प्रो. चित्तरंजन मिश्र थे। कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा, प्रो. जगदीश चंद्र शर्मा आदि ने विषय के विविध पक्षों पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि पूर्व प्रतिकुलपति प्रो. चित्तरंजन मिश्र ने अपने उद्बोधन में भक्ति की अवधारणा और भक्तिकाल की रचनाओं के वर्तमान युग में महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि भक्तिकाल का समय ईश्वर की आराधना का समय है। भक्तिकाल की कविता हमें सिखाती है कि यह दुनिया क्षणभंगुर है। यह दुनिया हर रोज नया बनती है, भक्ति कविता उसके रहस्यों को उद्घाटित करती है।
भक्तिकाल में भक्ति के अनेक स्वर मुखरित हुए हैं। यह काल लोकतांत्रिक काव्य के सृजन का दौर था। जिसमें निर्गुण- सगुण का, विविधता का आदर दिखाई देता है। भक्तिकाल में हर प्रकार की भक्ति और उससे संबंधित रचनाएँ की गई।
ईश्वर न बड़ा होता है न छोटा, न शक्त और न अशक्त, ईश्वर उतना ही बड़ा और महत्वपूर्ण होता है जितना बड़ा एक भक्त का हृदय होता है। जैसे शिव का आश्रय पाकर टेढ़ा चंद्रमा भी वंदनीय हो जाता है उसी प्रकार गुरु का सान्निध्य पाकर अल्प ज्ञानी भी वंदनीय बन सकता है। बिना दृष्टि के यह दुनिया भासित नहीं होती और यह दृष्टि हमें गुरु ही देते हैं।
अध्यक्षता करते हुए प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि भक्ति अत्यंत प्राचीन काल से मनुष्य जीवन का पाथेय रही है, किंतु मध्ययुगीन भक्त कवियों ने उसे अपने कार्यों और वाणी के माध्यम से लोकजनीन बनाया। उनका संदेश भारत की सीमाओं से परे देश – देशांतर तक गया है।
सही अर्थों में संत विश्व मानवता के उद्धारक हैं। उन्होंने प्रेम भक्ति रस में समस्त प्राणियों को डुबोने का प्रयास किया, जो आज भी प्रासंगिक है। भक्तों ने भारतीय साहित्य, संस्कृति, दर्शन, समाज और विविध कला परम्पराओं के विकास में अविस्मरणीय योगदान दिया है।
आयोजन में सुधी विद्वान प्रो. चित्तरंजन मिश्र को अंगवस्त्र, मौक्तिक माल और साहित्य अर्पित कर उनका सारस्वत सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन शोधार्थी पूजा परमार ने किया और आभार प्रदर्शन ललित कला अध्ययनशाला के विभागाध्यक्ष और आचार्य प्रोफेसर जगदीश चंद्र शर्मा ने किया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

