तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। भारत की अग्रणी अंतरिक्ष अनुसंधान संस्था ‘इसरो’ अर्थात इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन पर आधारित एक महत्वपूर्ण पुस्तक का प्रकाशन पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुस्तक मेले के 24वें संस्करण के अंतिम दिन संपन्न हुआ। पुस्तक मेले के अवसर पर आयोजित एक सायंकालीन साहित्यिक गोष्ठी में इस कृति का औपचारिक लोकार्पण किया गया।
इसरो, जिसकी स्थापना वर्ष 1969 में हुई थी, देश के अंतरिक्ष विज्ञान, अभियंत्रण और प्रौद्योगिकी विकास में केंद्रीय भूमिका निभाता है। यह संस्था अंतरिक्ष विभाग (डीओएस) के अंतर्गत कार्य करती है, जो प्रत्यक्ष रूप से भारत के प्रधानमंत्री के पर्यवेक्षण में संचालित होता है।
कृत्रिम उपग्रहों के निर्माण एवं प्रक्षेपण से लेकर चंद्रमा और मंगल ग्रह तक अंतरिक्ष अभियानों की सफलता इसरो की उपलब्धियाँ भारत को वैश्विक वैज्ञानिक मानचित्र पर प्रतिष्ठित स्थान दिलाती हैं।

इसी गौरवशाली संस्था के कार्यक्रमों, उद्देश्यों और उपलब्धियों को सरल एवं सुबोध ढंग से प्रस्तुत करने वाली पुस्तक ‘इसरो’ के लेखक हैं एलाहिया हाई मदरसा (उच्च माध्यमिक) के भूगोल विषय के शिक्षक नरसिंह दास। पुस्तक का विमोचन मेदिनीपुर की कई विशिष्ट विभूतियों के कर-कमलों से संपन्न हुआ।
इनमें ‘राष्ट्रीय शिक्षक’ सम्मान से अलंकृत शिक्षक बीरेन पाल, ‘शिक्षारत्न’ सम्मान प्राप्त सहायक प्रधान शिक्षक सुब्रत महापात्र, प्राचार्य एवं सुप्रसिद्ध संगीतज्ञ डॉ. सिद्धार्थ मिश्र, युवा कवि एवं लेखक दंपती अभिनंदन मुखोपाध्याय और राजेश्वरी षाड़ंगी, प्रख्यात चिकित्सक एवं पुस्तक प्रेमी सुदीप चौधुरी,
ताप्ती पब्लिकेशन के कर्णधार रिंकू चक्रवर्ती, शिक्षक एवं लेखक अमित कुमार साहू, ‘समय बांग्ला’ चैनल के कर्णधार जयंत मंडल, शिक्षक एवं समाजसेवी सुदीप कुमार खाड़ा, प्रधान शिक्षक एवं समाजसेवी सुभाष जाना, कार्यवाहक शिक्षक एवं लेखक मणिकांचन राय तथा शिक्षिका एवं समाजसेवी प्रियंका माइती प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
पूरी तरह से बांग्ला भाषा में लिखी गई यह पुस्तक सामान्य पाठकों के साथ-साथ विद्यालय और महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए भी इसरो की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों को समझने का सशक्त माध्यम बनेगी, ऐसा लेखक का विश्वास है। पुस्तक का मुद्रण एवं प्रकाशन कवितिका पब्लिकेशन द्वारा किया गया है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



