मुलायम सिंह पंचतत्व में विलीन, अखिलेश ने दी मुखाग्नि

सैफई । समाजवादी पार्टी के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का मंगलवार को उनके पैतृक निवास स्थान सैफई में अंतिम संस्कार हो गया। वह पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी। सपा संरक्षक मुलायम सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इससे पूर्व राष्ट्रीय सम्मान के साथ तिरंगे में लाए गए उनके पार्थिव शरीर को मंत्रोच्चार के बीच वैदिक रीति से स्नान कराया गया। चंदन की चिता पर लेटे मुलायम के अंतिम दर्शन के लिए कई हजार लोग सैफई पहुंचे।

उन्हें रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उप्र के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, उप्र सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद, असीम अरुण, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर राव, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू आदि ने सैफई के लाल को अंतिम विदाई दी। अंतिम दर्शन करने के लिए एक तरफ लाखों लोगों का हुजूम था तो दूसरी तरफ देशभर से वीआईपी भी उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए सैफई पहुंचे। ये सिलसिला सुबह से शुरू हुआ जो शाम तक चलता रहा। अंत्येष्टि से ठीक पहले अंतिम दर्शन के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, राकांपा के अध्यक्ष शरद पवार और अभिनेता अभिषेक बच्चन ने मुलायम सिंह के अंतिम दर्शन किए।

सैफई में बारिश के बीच नेताजी के चाहने वालों के चेहरों पर दुख साफ झलक रहा था। समाजवादी विचारधारा के पुरोधा को तेलंगाना के सीएम के. चंद्रशेखर राव, राजस्थान के सीएम अशोक गहलौत और बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव सीधे अंत्येष्टि स्थल पहुंचे और नमन करने के बाद पुत्र अखिलेश यादव को ढांढस बंधाया।

यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ ही कैबिनेट मंत्री डा. संजय निषाद ने सैफई मेला मैदान में बने अंत्येष्टि स्थल पर समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पार्थिव देह का अंतिम दर्शन किया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सदस्य संजय सिंह भी उनके साथ थे। नेताजी का अंतिम दर्शन करने के बाद केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी भेंट की। इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव को ढांढस भी बंधाया।

यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, जितिन प्रसाद, संजय निषाद और संजय सिंह ने नेताजी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सांसद रीता बहुगुणा, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, राज्यमंत्री असीम अरुण और सांसद देवेंद्र सिंह भोले भी सैफई मेला ग्राउंड पहुंचे और नेताजी के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत और राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी अंतिम दर्शन करने के लिए पहुंचे। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भी अंतिम दर्शन किए। मेनका गांधी और उनके पुत्र वरुण गांधी ने भी सैफई पहुंचकर नेताजी के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। योग गुरु बाबा रामदेव, अभिषेक बच्चन, जया बच्चन भाजपा नेता किरीट सोमैया ने भी श्रद्धांजलि दी।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला इटावा जिले के सैफई गांव में मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह ने समाज में एक लंबे समय तक सामाजिक और राजनीतिक जीवन में जनता का विश्वास और भरोसा जीता है। उनके जाने से सभी देशवासी दुखी हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह यादव ने सैफई में कहा कि उनके मुलायम सिंह यादव से बहुत अच्छे रिश्ते थे। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह को धरती से जुड़ा हुआ नेता माना जाता था। उनके निधन से भारत की राजनीति को बहुत बड़ी क्षति पहुंची है।

गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव का सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में 82 साल की उम्र में निधन हो गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सैफई जाकर सपा संरक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुलायम सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *