पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री और TMC के संस्थापक सदस्य मुकुल रॉय का निधन

कोलकाता, 23 फरवरी 2026: पश्चिम बंगाल की राजनीति के एक बड़े स्तंभ और तृणमूल कांग्रेस के संस्थापक सदस्यों में से एक मुकुल रॉय अब हमारे बीच नहीं रहे।पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री और कई बार सत्ता के केंद्र में रहे मुकुल रॉय का सोमवार (23 फरवरी) तड़के करीब 1:30 बजे कोलकाता के सॉल्ट लेक स्थित अपोलो अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके निधन के साथ बंगाल की राजनीति का एक अहम अध्याय समाप्त हो गया।

लंबे समय से बीमार चल रहे थे मुकुल रॉय

परिवार के अनुसार, मुकुल रॉय पिछले कुछ सालों से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। 2023 की शुरुआत में डॉक्टरों ने बताया था कि वे डिमेंशिया और पार्किंसन जैसी गंभीर न्यूरोलॉजिकल बीमारियों से पीड़ित हैं।

मार्च 2023 में उन्हें हाइड्रोसेफेलस की समस्या के चलते ब्रेन सर्जरी करानी पड़ी। जुलाई 2024 में घर पर गिरने से सिर में गंभीर चोट लगी और खून का थक्का निकालने के लिए एक और सर्जरी हुई।

इसके अलावा डायबिटीज, सांस की तकलीफ और हाई ब्लड शुगर जैसी समस्याओं ने उनकी हालत को और कमजोर कर दिया था। पिछले कुछ समय से वे सक्रिय राजनीति से लगभग दूर थे।

राजनीतिक सफर: यूथ कांग्रेस से शुरू, TMC की स्थापना तक

14 मई 1954 को उत्तर 24 परगना के कांचरापाड़ा में जन्मे मुकुल रॉय ने राजनीति की शुरुआत यूथ कांग्रेस से की। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से साइंस में स्नातक और मदुरै के कामराज विश्वविद्यालय से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में एमए किया।

1998 में ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की स्थापना के समय मुकुल रॉय इसके संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे। धीरे-धीरे वे ममता बनर्जी के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में शुमार हो गए। 2006 में राज्यसभा सदस्य बने और 2009 से 2012 तक राज्यसभा में TMC के नेता रहे।

2011 के ऐतिहासिक विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की जीत और 34 साल पुरानी वाम मोर्चा सरकार के अंत में उनकी रणनीतिक भूमिका अहम मानी जाती है।

रेल मंत्री का कार्यकाल और विवाद

यूपीए-2 सरकार में पहले शिपिंग राज्य मंत्री रहे। मार्च 2012 में विवादों के बीच दिनेश त्रिवेदी की जगह 32वें रेल मंत्री बने। 20 मार्च से 21 सितंबर 2012 तक कार्यकाल रहा। बाद में नारदा स्टिंग विवाद ने उनकी राजनीतिक स्थिति को कमजोर कर दिया।

TMC से निष्कासन, BJP में एंट्री और वापसी

2017 में TMC से निकाले जाने के बाद नवंबर 2017 में BJP में शामिल हुए। BJP में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने और बंगाल में संगठन मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई। 2019 लोकसभा चुनाव में BJP की 18 सीटों की जीत में उनकी रणनीति अहम मानी गई।

2021 विधानसभा चुनाव में BJP से विधायक चुने गए। अगस्त 2021 में ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की मौजूदगी में TMC में वापसी की। लेकिन खराब स्वास्थ्य के कारण सक्रिय राजनीति से दूर रहे।

दलबदल मामला और सुप्रीम कोर्ट

TMC में वापसी के बाद दलबदल कानून के तहत मामला चला। कलकत्ता हाईकोर्ट ने उन्हें विधायक पद से अयोग्य घोषित किया था। लेकिन 16 जनवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले पर रोक लगा दी।

कोर्ट ने इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की जांच और विधानसभा अध्यक्ष, सचिव और विपक्ष के नेता से जवाब मांगा था।

राजनीतिक जगत से शोक संदेश

BJP नेता दिलीप घोष ने कहा: “मुकुल रॉय अनुभवी राजनीतिज्ञ थे। लंबे समय तक सक्रिय राजनीति में नहीं रहे, लेकिन उनका योगदान हमेशा याद रहेगा।” उनके निधन से बंगाल की राजनीति में शोक की लहर है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *