दुर्गापुर। दुर्गापुर हिंदी भाषा मंच द्वारा महाविद्यालय और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए हिंदी भाषा और जीवनोपयोगी अभिप्रेरक कार्यशाला मंच के कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया था। माइकल मधुसूदन मेमोरियल कॉलेज, त्रिवेणी देवी भालोटिया कॉलेज, कुल्टी कॉलेज आदि विभिन्न कॉलेज से स्नातक और स्नातकोत्तर के कुल 26 विद्यार्थियों ने इस कार्यशाला में भाग लिया।
प्रशिक्षक वक्ता प्रसिद्ध कथाकार सृंजय, आसनसोल गर्ल्स कॉलेज के हिंदी विभाग अध्यक्ष डॉ. कृष्ण कुमार श्रीवास्तव, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान दुर्गापुर के मानविकी और समाज विज्ञान के विभाग अध्यक्ष डॉ. कृष्णा राय, मंच के अध्यक्ष और मोटिवेशनल स्पीकर शिव सागर उपाध्याय और क्वालिटी सर्किल फोरम ऑफ इंडिया से जुड़ी प्रशिक्षिका श्वेता देब के साथ विशेष रूप से उपस्थित केंद्रीय विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक डॉ. परमानन्द यादव और क्षेत्र के प्रसिद्ध उद्यमी नरेश शर्मा को मंच पर अंग वस्त्र प्रदान कर के सम्मानित किया गया।
समन्वयक जे.पी.एन. ओझा ने कार्यशाला के उद्घाटन वक्तव्य में कहा कि विद्यार्थियों की इस उम्र में शारीरिक परिवर्तन के साथ मानसिक परिवर्तन के कारण उनकी गतिविधियों, स्वभाव, बोलचाल की भाषा, आचरण अध्ययन वगैरह में बदलाव आने लगता है जिस को सकारात्मक दिशा प्रदान करना इस कार्यशाला का उद्देश्य है।
कथाकार सृंजय ने छोटी छोटी कथाओं, उद्धृतियों और अपने अनुभवों के आधार पर विद्यार्थियों को प्रेरित किया। डॉ. श्रीकृष्ण राय ने हिंदी भाषा में रोजगार और भविष्य की असीम संभावनाओं का विस्तार से विद्यार्थियों को बताया। भोजनोपरांत दूसरे सत्र में डॉ. कृष्ण कुमार श्रीवास्तव ने हिंदी भाषा का सर्वसमावेशी और तर्कसंगत अध्ययन का सुझाव दिया।
स्थापित और पुराने रचनाकारों के साथ नए रचनाकारों को भी पाठ्यक्रम में स्थान मिलना चाहिए ताकि उनकी प्रतिभा का विकास और प्रचार हो सके। शिव सागर उपाध्याय ने विद्यार्थियों को समक्ष प्रयोग के माध्यम से मानसिक तनाव दूर करने का उपाय बताया। श्वेता देब ने चार्ट और प्रयोग के माध्यम से जीवन के हर क्षेत्र में गुणवत्ता बढाने का प्रशिक्षण दिया।
महासचिव धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि दुर्गापुर हिंदी भाषा मंच स्कूल से लेकर विश्वविद्यालय तक के विद्यार्थियों केलिए मानसिक और शैक्षणिक विकास के लिए इस तरह का कार्यक्रम करता है और भविष्य में भी करते रहने का संकल्प दुहराया। संयुक्त सचिव प्रधानाचार्य प्रदीप यादव द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला संपन्न हुआ।
मंच के सदस्य जय प्रकाश झा, संतोष कुमार शर्मा, उपेंद्र मिश्र, श्याम कुमार मंडल, सूरज मंडल, नारायण राजभर, राकेश ओझा, अनिल कुमार साव, लाल बाबू प्रसाद उपस्थित थे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

