कोलकाता हिन्दी न्यूज | 23 जुलाई 2026: मोहम्मद अली पार्क यूथ एसोसिएशन ने बुधवार को पारंपरिक खूटी पूजा के साथ अपने 58वें वर्ष की दुर्गापूजा समारोह की शुभ शुरुआत कर दी।
एमजी रोड मेट्रो स्टेशन के पास मोहम्मद अली पार्क दुर्गा पूजा मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम के साथ उत्तर और मध्य कोलकाता की सबसे प्रतिष्ठित दुर्गा पूजाओं में से एक की तैयारियां औपचारिक रूप से शुरू हो गई हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कमेटी सदस्यों और स्थानीय लोगों ने देवी दुर्गा का आशीर्वाद लिया।
मुख्य अतिथि और प्रमुख उपस्थिति
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में तापस रॉय (माननीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री, पश्चिम बंगाल सरकार एवं मोहम्मद अली पार्क यूथ एसोसिएशन के चेयरमैन) उपस्थित रहे।
इसके अलावा विजय ओझा (विधायक), मीना देवी पुरोहित (पार्षद), तमघ्न घोष (जिला अध्यक्ष, भाजपा उत्तर कोलकाता), बिनय दुबे (वाइस चेयरमैन, मोहम्मद अली पार्क यूथ एसोसिएशन) सहित भाजपा नेता दिनेश पांडे, नवीन मिश्रा, भोला प्रसाद सोनकर, रवि तिवारी और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
ढाक की धुन और भक्ति का माहौल
खूटी पूजा के दौरान ढाक की धुन गूंज उठी और पूरे परिसर में भक्ति, एकता तथा समर्पण की भावना छाई रही। लगभग छह दशकों से यह कमेटी शानदार थीम, कलात्मक उत्कृष्टता, दर्शकों की सुरक्षा और सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश देते हुए नए बेंचमार्क स्थापित करती आ रही है।
जनरल सेक्रेटरी का बयान
मोहम्मद अली पार्क यूथ एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी सुरेंद्र कुमार शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “हम गर्व के साथ अपने 58वें वर्ष की शुरुआत शुभ खूटी पूजा के साथ कर रहे हैं। हम भक्तों के लिए यादगार पल और समृद्ध परंपराओं को बनाए रखने का वादा हर साल निभाते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि नई सरकार के आने और एसोसिएशन परिवार के लगातार विस्तार के साथ उन्हें उम्मीद है कि केएमसी शीघ्र ही पार्क के नीचे मौजूद वॉटर रिजर्वर का रेनोवेशन कार्य पूरा करेगी। इससे पूजा अपने पुराने और असली स्थान पर वापस लौट सकेगी, जो उनकी विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मोहम्मद अली पार्क यूथ एसोसिएशन के बारे में
1969 में स्थापित यह एसोसिएशन उत्तर और मध्य कोलकाता की सबसे चर्चित दुर्गा पूजा कमेटियों में से एक है। शानदार पंडाल, कलात्मक उत्कृष्टता और सामाजिक रूप से प्रासंगिक थीम के लिए जानी जाने वाली इस पूजा को कई अवॉर्ड मिल चुके हैं।
पूजा के अलावा यह कमेटी पूरे साल कम्युनिटी वेलफेयर और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहती है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



