तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। झाड़ग्राम जिले के शिलदा कॉलेज की संचालन समिति के अध्यक्ष के रूप में बिनपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. प्रणत टुडू ने आज विधिवत दायित्व ग्रहण किया। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुशांत कुमार दोलुई, उपप्राचार्य डॉ. सुजाता तेवारी समेत कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
दायित्व संभालने के बाद डॉ. प्रणत टुडू ने कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने तथा संस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में विकास और मानोन्नयन की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कॉलेज के समग्र विकास के लिए सभी के सहयोग और सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है।
इस दौरान कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य उपस्थित सदस्यों ने नए अध्यक्ष का स्वागत किया और कॉलेज के विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि डॉ. प्रणत टुडू ने इसी दिन कपगाड़ी कॉलेज की संचालन समिति के अध्यक्ष के रूप में भी दायित्व ग्रहण किया। इस प्रकार एक ही दिन झाड़ग्राम जिले के दो महत्त्वपूर्ण शिक्षण संस्थानों की संचालन समितियों की जिम्मेदारी उन्होंने संभाली।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

