मुंबई, 13 जनवरी 2026: ‘त्रिभंगा’, ‘कारवां’ और ‘चॉपस्टिक’ जैसी फिल्मों में गहरे और संवेदनशील किरदार निभाने वाली अभिनेत्री मिथिला पालकर अब एकदम नए अंदाज में नजर आने वाली हैं।
वे आमिर खान प्रोडक्शन की आगामी कॉमेडी फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ में रूपा नाम की बोल्ड और बिंदास लड़की का रोल निभा रही हैं।
IANS से खास बातचीत में मिथिला ने फिल्म के अनुभव, कॉमेडी में चुनौतियां और वीर दास को थप्पड़ मारने वाले सीन का मजेदार किस्सा शेयर किया।

मिथिला ने कहा: “फिल्म को ‘हां’ करने का सवाल ही नहीं था। ये मेरी करियर की पहली कॉमेडी फिल्म है और इतने बड़े लोग जुड़े हैं – आमिर खान प्रोडक्शन, वीर दास… ये मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। मैं खुद को बहुत लकी महसूस कर रही हूं।”
रूपा का किरदार – बोल्ड, बिंदास और गिल्ट-फ्री
फिल्म में मिथिला का किरदार रूपा बहुत अलग है। उन्होंने बताया: “रूपा बोल्ड और बिंदास है, उसकी अलग दुनिया है। मेरा बोलने का तरीका, चलने का तरीका – सब कुछ अलग था। शूटिंग के दौरान अपशब्दों से भरे डायलॉग्स बोलना भी मुश्किल रहा। लेकिन सबसे ज्यादा चुनौती थी वीर को थप्पड़ मारना।
रूपा ऐसा किरदार है जिसके अंदर गिल्ट नहीं है। सेट पर थप्पड़ मारना था और चेहरे पर गिल्ट भी नहीं दिखाना था। एक्सप्रेशन बदलना बहुत मुश्किल था क्योंकि सीन कॉमेडी से भरे थे।”
मिथिला ने वीर दास की मदद की तारीफ की: “वीर ने काफी मदद की। उन्होंने कहा – ‘तुम सब अपनी लाइनों के साथ खेलो, कॉमेडी खुद-ब-खुद आ जाएगी।’ उनकी वजह से सीन आसान हो गए।”
16 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ का ट्रेलर दिसंबर में रिलीज हो चुका है और फिल्म 16 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। कॉमेडी और जासूसी के अनोखे मिश्रण वाली इस फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।





