तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले में लघु ऋण ग्राहकों के बीच वित्तीय जागरूकता बढ़ाने तथा जिम्मेदार ऋण प्रबंधन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से माइक्रोफाइनेंस इंडस्ट्री नेटवर्क (MFIAIN) के तत्वावधान में माइक्रोफाइनेंस जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में L&T Finance Limited सहयोगी संस्था के रूप में शामिल रही।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से मान्यता प्राप्त एनबीएफसी-एमएफआई (NBFC-MFI) कंपनियों की राष्ट्रीय स्व-नियामक संस्था MFIAIN लंबे समय से वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर रही है।
इसी क्रम में आयोजित शिविर में लघु ऋण ग्राहकों एवं स्थानीय लोगों को बचत, निवेश, जिम्मेदारीपूर्वक ऋण लेना और समय पर उसका भुगतान करना, पारिवारिक बजट की योजना, बीमा का महत्व तथा डिजिटल एवं वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव जैसे विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन MFIAIN के क्षेत्रीय प्रमुख हबीब शेख ने किया। उन्होंने कहा, “वित्तीय साक्षरता किसी भी व्यक्ति की आर्थिक सुरक्षा और समग्र विकास की मजबूत नींव है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लोगों को सही वित्तीय निर्णय लेने में सक्षम बनाते हैं।”
उन्होंने बताया कि वर्तमान में पश्चिम मेदिनीपुर जिले में भारतीय रिजर्व बैंक से पंजीकृत 42 लघु ऋण कंपनियां अपनी सेवाएं प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पश्चिम मेदिनीपुर के लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर कांचन कांति दास तथा डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट मैनेजर आकाश कुमार शर्मा भी उपस्थित थे। उन्होंने वित्तीय साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लघु ऋण की राशि किसी अन्य व्यक्ति को हस्तांतरित नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने लोगों को डिजिटल धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि एटीएम कार्ड, पिन नंबर, ओटीपी अथवा बैंक खाते से संबंधित कोई भी गोपनीय जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए, क्योंकि इससे गंभीर वित्तीय नुकसान हो सकता है।
वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल युग में वित्तीय जागरूकता केवल बचत और ऋण प्रबंधन तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षित डिजिटल लेनदेन करना तथा साइबर एवं वित्तीय धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहना भी उतना ही आवश्यक है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

