संवाद सूत्र, खड़गपुर। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से घाटाल में छात्रवृत्ति एवं पाठोपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यासागर स्मरण समिति की घाटाल शाखा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के साथ आवश्यक पाठ्य सामग्री प्रदान की गई।
कार्यक्रम का आयोजन दोपहर दो बजे से घाटाल के वर्णपरिचय मुक्त मंच पर किया गया। इस अवसर पर आयोजित चर्चा सभा की अध्यक्षता तपन जाना ने की। मुख्य अतिथि के रूप में घाटाल नगरपालिका के चेयरमैन तुहिन कांति बेरा उपस्थित रहे। घाटाल रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन सच्चिदानंद घोष सहित शहर के कई विशिष्ट लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
आयोजकों ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसी उद्देश्य से उन्हें शिक्षा संबंधी सहायता उपलब्ध कराने की पहल की गई है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने के साथ पाठोपकरण भी वितरित किए गए।
इससे पहले सुबह नौ बजे घाटाल केंद्रीय बस स्टैंड स्थित पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर की पूर्णावयव प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। समिति के सचिव तथा शिक्षक तापस पोड़ेल ने माल्यार्पण किया। इस दौरान प्रधान शिक्षक सुभाष दत्त, शिक्षक उदय शंकर मुखर्जी, पूर्व शिक्षक देवाशीष माइती सहित अन्य विशिष्ट लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान गीत, कविता पाठ और विचार-विमर्श के माध्यम से शिक्षा, सामाजिक सुधार तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों के प्रति समाज की जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का संचालन विभा पाल और तापस पोड़ेल ने किया। अंत में छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं पाठोपकरण प्रदान किए गए।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

