तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर खड़गपुर के पंचबेड़िया स्थित ट्यूशन सेंटर ‘अलीफ एन अटेम्प्ट’ के वर्तमान एवं पूर्व छात्र-छात्राओं की पहल पर एक भव्य महफिल-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों ने भाग लेकर इफ्तार, दुआ-ए-महफिल तथा सामूहिक इबादत में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। पिछले शैक्षणिक वर्ष में ‘अलीफ एन अटेम्प्ट’ से माध्यमिक परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले शेख मजहर को स्वर्गीय शेख आजमत अली स्मृति पुरस्कार प्रदान किया गया।
उन्हें 3,000 रुपये का चेक स्वर्गीय शेख आजमत अली की पोती एडवोकेट सायनाज खातून तथा सामाजिक कार्यकर्ता पोते शेख आफताब ने सौंपा।
इसी प्रकार उच्च माध्यमिक परीक्षा में ‘अलीफ एन अटेम्प्ट’ एवं लौहानिया मदरसा स्कूल से प्रथम स्थान हासिल करने वाले शेख ज़ाकिर को स्वर्गीय सैयद गुलाम रसूल स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें 3,000 रुपये का चेक सैयद गुलाम रसूल के पुत्र सामाजिक कार्यकर्ता सैयद साहबज़ान अली तथा पौत्र सैयद फरीद अली ने प्रदान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. सैयद सद्दाम अली, शेख मकबूल और शेख जसिम सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस दौरान पूर्व छात्रा रोशनी खातून ने कहा कि महफिल-ए-इफ्तार में शामिल होकर उन्हें काफी खुशी हुई।
उन्होंने ट्यूशन सेंटर की शिक्षिका मुस्कान खातून और संचालक सैयद शाहरुख अली को इस सुंदर आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि भविष्य में सफल होकर वे संस्था और पंचबेड़िया क्षेत्र के लोगों की मदद करना चाहती हैं।
वहीं छात्र शेख जाकिर और शेख मजहर ने अन्य विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और संस्था तथा क्षेत्र का नाम रोशन करने की अपील की।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन शिक्षा, सामाजिक एकता और संस्था के प्रति विद्यार्थियों की निष्ठा का प्रतीक है। वर्तमान और पूर्व छात्रों के बीच यह जुड़ाव क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

