तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। कोलकाता के तपन थिएटर में आयोजित नाट्य प्रदर्शन में पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर के युवा थिएटर समूह ने अपनी लोकप्रिय नाट्य प्रस्तुति ‘आत्महत्या महापाप’ का मंचन किया। इस नाट्य प्रस्तुति का उद्घाटन प्रसिद्ध नाट्य व्यक्तित्व देवाशीष चक्रवर्ती ने किया। इस अवसर पर अनिक नाट्य संस्था के कर्णधार और प्रसिद्ध अभिनेता असीम रॉय चौधरी तथा मेदिनीपुर के विधायक सुजय हाजरा आदि उपस्थित थे।
नाटक ‘आत्महत्या महापाप’ में जीवन के महत्व और उसके अर्थ को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया। नाटककार चित्तरंजन घोष के लेखन और सुरजीत सेन के निर्देशन में कलाकारों ने एक अद्भुत और मनोरंजक नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया। अभिनय में असीम बसु, स्वाति बंद्योपाध्याय, परवीन सुल्ताना, शम्पा मुखोपाध्याय, सत्यब्रत दलोई, हेदायतुर रहमान खान, अमृता भट्टाचार्य आदि ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
मंच सज्जा विश्वजीत कुंडू और सुरजीत पाल ने की, जबकि ध्वनि और प्रकाश नियंत्रण पूर्ण चंद्र नाग और प्रसन्नजीत कुंडू ने संभाला। मेदिनीपुर के युवा थिएटर समूह की नाट्य प्रस्तुति ‘आत्महत्या महापाप’ ने उपस्थित नाट्य प्रेमियों का दिल जीत लिया और उनके मन को एक नए एहसास की अनुभूति कराई।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



