तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। ओड़िशा की राजधानी भुवनेश्वर में हाल ही में सम्पन्न पाँचवें पूर्वी भारत कराटे चैंपियनशिप में पश्चिम मेदिनीपुर जिले के होनहार खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाते हुए शानदार सफलता हासिल की।
जिले के इन योद्धाओं के गौरवशाली प्रदर्शन पर पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर जिला सेइशिनकाई शितोर्यू कराटे एसोसिएशन की ओर से एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया।
विभिन्न श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीतने वाले सोमराज पांडेय, लावन्या जाना और सौम्यदीप घोष ने जिले का मान बढ़ाया। रजत पदक विजेता भार्गवी पाल, शेख कैफ महमूद, अयंतिका सिंह और आरिश गोस्वामी ने भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सबका दिल जीता।

जबकि कांस्य पदक विजेता अक्रित मिस्त्री ने अपनी दृढ़ता और समर्पण से सबको प्रेरित किया। इसके साथ डीएवी जोनल स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता रूपकथा पाल और स्वरलिपि घोष को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर कराटे संघ के सचिव और प्रमुख प्रशिक्षक सिहान रासबिहारी पाल ने गर्वपूर्वक कहा कि जिले के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और हम आशा करते हैं कि आने वाले राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में वे नई ऊंचाइयां छुएंगे।
समारोह में समाजसेवी अनुप कुमार बनर्जी, जिला क्रीड़ा-संसद के अधिकारी सैकत महापात्र सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इन सभी ने विजेताओं की मेहनत और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



