तीन जिलों के 75 शिक्षक, निर्णायक और अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण
तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। योगासन प्रतियोगिताओं में निर्णय की प्रक्रिया को अधिक सटीक और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से पश्चिम मेदिनीपुर जिला योगासन संस्था के प्रबंधन में तथा राष्ट्रीय क्रीड़ा व शक्ति संघ के सहयोग से एक दिवसीय अनावासीय योगा जजेज ओरिएंटेशन कैंप आयोजित किया गया।
केडी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड जनरल स्टडीज में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिलों के करीब 75 योगासन शिक्षक, निर्णायक एवं अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
शिविर में जिला योगासन संस्था के सचिव प्रशांत कुमार घोष ने की-नोट स्पीकर के रूप में योगासन प्रतियोगिताओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं और निर्णायकों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतियोगिताओं में पारदर्शिता और एकरूपता बनाए रखने के लिए नियमों की सही समझ तथा निरंतर प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।
योगासन से जुड़े एनाटॉमी विषय पर राष्ट्रीय निर्णायक (इंडियन योग फेडरेशन) आलोक कुमार पाल ने विस्तार से जानकारी दी। वहीं, एडवांस योगासन के अभ्यास के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और संभावित शारीरिक जोखिमों पर एमपीटी फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. तमाल घोष ने व्यावहारिक एवं उपयोगी जानकारी साझा की।
इंडियन योग फेडरेशन की आयु-आधारित 24 श्रेणियों में शामिल 64 योगासन की भंगिमाओं तथा उनके निर्णयन के विभिन्न मानकों पर राष्ट्रीय निर्णायक मालविका दे के साथ चिनांशुक दास, टोटन राय, तपन चंद और राज्य निर्णायकों ने विस्तार से चर्चा की।
प्रतियोगिताओं में मैनुअल के साथ डिजिटल निर्णयन प्रणाली के उपयोग पर दुर्गापुर से आए राज्य संस्था द्वारा नामित देवाशीष बाबू ने प्रशिक्षण दिया। इससे निर्णायकों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया समझने का अवसर मिला।
शिविर में शामिल नए प्रतिभागियों के लिए जिला योगासन निर्णायक बनने की दिशा में अगला चरण भी निर्धारित किया गया है। आगामी 13 सितंबर को विद्यासागर स्मृति मंदिर में होने वाली 35वीं जिला योगासन प्रतियोगिता के दौरान उनका थ्योरी एवं प्रैक्टिकल परीक्षण लिया जाएगा। इसके आधार पर नए जिला निर्णायकों का चयन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, प्रतिभागियों की रुचि के अनुरूप आगे ऑनलाइन प्रशिक्षण के माध्यम से योग दर्शन से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में जिला योगासन संस्था के कोषाध्यक्ष पार्थ सारथी मंडल, डीएसए मेदिनीपुर के सचिव संजीत तोरई सहित संस्था के अधिकारी चंदन साउ, रंजीत दे, महादेव तेली समेत अन्य पदाधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

