तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। बगछड़ी के शकुनडिहा गांव में सोमवार को विजया की उमंग और सम्मान की गरिमा एक साथ देखने को मिली। स्वप्नबूड़ो स्मृति रक्षा समिति पश्चिमांचल की ओर से आयोजित विजया उत्सव एवं अभिनंदन समारोह में अविभाजित मेदिनीपुर जिले के वयोवृद्ध एवं सर्वमान्य क्रीड़ा संगठक 94 वर्षीय निखुंज बारिक को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत निखुंज बारिक द्वारा समिति का ध्वजारोहण करने के साथ हुई। इसके बाद एथलेटिक्स कोच सुब्रत पान ने शपथ-पाठ एवं दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। उम्र के इस पड़ाव पर भी खेल और सामाजिक क्षेत्र के प्रति निखुंज बारिक के योगदान को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने उनके प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया।
समारोह की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं विशिष्ट शिक्षाविद चंचल मासांत ने की। बतौर विशेष अतिथि प्रसिद्ध मैराथन धावक श्यामापद दास, क्रीड़ाविद् असित कुमार मंडल, समाजसेवी पंकज पात्र, शिक्षिका वृती गांगुली, सह-सभानेत्री गीताली दास, क्रीड़ाविद् दिल्लेश्वर पाल तथा समिति के प्रमुख सलाहकार सोमनाथ मंत्री सहित अनेक पदाधिकारी, सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विजया सम्मिलनी केवल औपचारिक समारोह तक सीमित नहीं रही। नृत्य, गीत, वक्तव्यों और आशीर्वचन से पूरा वातावरण आत्मीयता और उत्सव के रंग में रंग गया। वक्ताओं ने निखुंज बारिक के लंबे सामाजिक एवं क्रीड़ा जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम का संचालन समिति के सचिव पूर्णेंदु जाना ने किया। आयोजन में उपस्थित लोगों ने विजया की शुभकामनाओं के साथ निखुंज बारिक के स्वस्थ, सक्रिय और दीर्घ जीवन की कामना की।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

