तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। डीएवी पब्लिक स्कूल, मेदिनीपुर का परिसर शनिवार को उपलब्धियों के उत्सव का साक्षी बना, जब विद्यालय ने अपने प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के सम्मान में “उड़ान” समारोह का आयोजन किया। “Soaring Beyond the Limits” थीम पर आधारित इस आयोजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की सफलता को नई पहचान मिली।
समारोह में शैक्षणिक सत्र : 2025-26 के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक के 280 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कक्षा 3 से 11 तक वार्षिक परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाले छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया। विद्यार्थियों की उपलब्धियों में अभिभावकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्हें भी विशेष सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष रहे। विशिष्ट अतिथियों में खड़गपुर आईआईटी के डीन प्रो. उदय शंकर, डीएवी पश्चिम बंगाल जोन की रीजनल डायरेक्टर पापिया मुखर्जी, एलएमसी चेयरमैन एस.के. पाल, एलएमसी सदस्य एस.एन. त्रिपाठी, प्रो. तनुश्री पाल, डीएवी बांकुड़ा के प्राचार्य अमित दास, डीएवी खड़गपुर की प्राचार्या सुस्मिता पानिग्राही, विभिन्न डीएवी विद्यालयों के प्राचार्य तथा टाटा हिताची के हेड अमित कुमार ठाकुर उपस्थित रहे।
वंदे मातरम्, वैदिक मंत्रोच्चार और दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और आकर्षक बना दिया।
अपने संबोधन में मंत्री दिलीप घोष ने विद्यालय की शैक्षणिक संस्कृति और विद्यार्थियों के अनुशासन व प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान ही भविष्य के सक्षम नागरिक तैयार करते हैं। इस अवसर पर माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम दिलाने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य एन.के. गौतम ने सम्मानित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि ये उपलब्धियां आने वाले वर्षों में और बड़ी सफलताओं का आधार बनेंगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

