तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर में सलिल चौधरी जन्म शताब्दी समारोह समिति की ओर से मेदिनीपुर कॉलेज के विवेकानंद सभागार में दो दिवसीय लघु फिल्म महोत्सव का आयोजन किया गया। इस महोत्सव में प्रदर्शित फिल्मों की समय सीमा अधिकतम 7 मिनट थी।
इस महोत्सव का उद्घाटन प्रसिद्ध फिल्म कला निर्देशक जयचंद्र चंद्र ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में सलिल समारोह समिति के केंद्रीय आयोजक दिव्येंदु चट्टोपाध्याय उपस्थित थे। इसके अलावा, प्रसिद्ध उद्यमी मदनमोहन माईती और महोत्सव के निर्णायक मंडल के सदस्य भी उपस्थित थे।
महोत्सव के तहत संगीत कलाकार सुमंत साहा के निर्देशन में सिम्फनी प्रस्तुत की गई। महोत्सव में बंगाल के 12 जिलों से आई कुल 24 फिल्में प्रदर्शित की गईं। महोत्सव में संगीत प्रसिद्ध संगीत कलाकार शुभप्रसाद नंदी मजूमदार और सुपंथ बसु ने प्रस्तुत किया। नृत्य प्रस्तुत सृजनभूमि, नृत्य भारती और तालम नृत्य शिक्षा प्रतिष्ठान के छात्रों ने किया।

महोत्सव के अगले चरण में ‘छोटी फिल्में, छोटे पर्दे, बड़ी चुनौती’ शीर्षक से परिचर्चा सत्र आयोजित किया गया। परिचर्चा में इस फिल्म महोत्सव के निर्णायक मंडल के सदस्यों जिनमें पीयूष सरकार, मनीष घोष, चयन भट्टाचार्य, आशीष चट्टोपाध्याय, सिद्धार्थ सांतरा और रेहान कौशिक शामिल थे। परिचर्चा सत्र का संचालन श्यामल भट्टाचार्य ने किया।
महोत्सव के अंत में, दस श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ फिल्मों को पुरस्कृत किया गया। निर्णायक मंडल के निर्णय के अनुसार, सर्वश्रेष्ठ कहानी, सर्वश्रेष्ठ पटकथा, सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी, सर्वश्रेष्ठ संगीत, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता-अभिनेत्री आदि श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ फिल्मों को पुरस्कृत किया गया।
दो दिनों के इस महोत्सव का संचालन मोम चक्रवर्ती, जयन्त चक्रवर्ती, अभिनंदन मुखोपाध्याय, अर्णव बेरा और दीपांविता बनर्जी ने किया। इस महोत्सव को देखने के लिए मेदिनीपुर के संस्कृति प्रेमी लोगों की अपार भीड़ जमा हुई थी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।
