मेदिनीपुर इंट्रा डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस चैंपियनशिप–2025 बना खेल-साधना का उत्सव
तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। जब रैकेट से टकराकर छोटी-सी गेंद बिजली की तरह टेबल पर नाची, जब हर अंक के साथ खिलाड़ियों की आंखों में सपनों की चमक और दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट गूंजी तब अंतरंगन क्रीड़ांगन केवल एक खेल परिसर नहीं, बल्कि खेल-भावना का मंदिर बन गया।
पश्चिम मेदिनीपुर जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के सधे हुए प्रबंधन में 20 व 21 दिसंबर 2025 को मेदिनीपुर म्युनिसिपैलिटी द्वारा निर्मित इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स “अंतरंगन क्रीड़ांगन” में आयोजित इंट्रा डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस चैंपियनशिप–2025 ने जिले की खेल प्रतिभा को भव्य मंच दिया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मेदिनीपुर म्युनिसिपैलिटी के चेयरमैन सौमेन खान ने किया। इस अवसर पर ग्रिफिन इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन अभिषेक यादव, समाजसेवा के क्षेत्र में ख्यात मदन मोहन मैती, जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष चक्रवर्ती, कार्यकारी अध्यक्ष अनुप बनर्जी सहित अनेक खेलप्रेमी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
दो दिनों तक चले इस खेल-महोत्सव में अंडर-11 से लेकर ओपन वर्ग तक, होप श्रेणी से लेकर मास्टर्स वर्ग तक लगभग 90 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, तकनीक और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता अनुभव और ऊर्जा, युवा जोश और परिपक्व कौशल का सुंदर संगम बनी।
मेदिनीपुर स्पोर्ट्समैन रिक्रिएशन क्लब के सौमवाश (सौमवाश आश) ने अंडर-17, अंडर-19 और ओपन वर्ग में विजय पताका फहराकर टूर्नामेंट के नायक का दर्जा हासिल किया। खड़गपुर ट्रैफिक रिक्रिएशन क्लब की आरिका अंजुम अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में उपविजेता रहीं।
बालिका वर्ग में भी प्रतिभा खिलकर सामने आई—अंडर-11 और अंडर-15 में मेदिनीपुर की समाद्रिता हांस ने स्वर्णिम प्रदर्शन किया। अंडर-13 में खड़गपुर की त्रिपर्णा बेरा विजेता रहीं।
मास्टर्स वर्ग में श्रीपर्णा नंद, राजीव दत्त और मानस चक्रवर्ती ने अनुभव की ताकत से जीत दर्ज की। प्रतियोगिता की निष्पक्षता और गरिमा की कमान मुख्य रेफरी के रूप में जिले की सफल खिलाड़ी श्रीपर्णा नंद ने संभाली।
दो दिनों तक अंतरंगन क्रीड़ांगन में हर सर्व, हर रैली और हर जीत के साथ यही संदेश गूंजता रहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, चरित्र, अनुशासन और सपनों की साधना है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



