तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम बंगाल विज्ञान मंच की पश्चिम मेदिनीपुर जिला परिषद की विशेष बैठक मेदिनीपुर शहर के बर्ज टाउन के पोड़ा बंगला रोड स्थित जिला कार्यालय में आयोजित हुई।
जिसमे तय हुआ कि संगठन की चालीसवीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में वर्षभर पूरे राज्य में विज्ञान चेतना फैलाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर चालीस वर्ष पूरे होने का लोगो जारी किया गया, जिसे राज्य परिषद सदस्य प्रद्युत कर्मकार ने डिजाइन किया है। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि ‘ विज्ञान का प्रकाश, हर घर में फैलाओ’ इस संदेश को केंद्र में रखकर पूरे वर्ष विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे।

22 नवंबर को कोलकाता में केंद्रीय शोभायात्रा और 29 नवंबर को पूरे राज्य की तरह पश्चिम मेदिनीपुर के सभी विज्ञान केंद्रों और सभाओं में संगठन का ध्वज फहराया जाएगा।
पूरे वर्ष विज्ञान विषयक चर्चाएँ, पर्यावरण जागरूकता, सामाजिक संवेदनशीलता पर आधारित कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ होंगी। अंधविश्वास विरोधी एवं तर्कवादी आयोजन के साथ किसानों के साथ भी संवाद बैठकें की जाएंगी।
1 जनवरी 2026 (सत्येंद्रनाथ बोस की जयंती) से 30 जनवरी 2026 (महात्मा गांधी की पुण्यतिथि) तक जिले के प्रत्येक विज्ञान केंद्र में विज्ञान यात्रा आयोजित की जाएगी। बैठक में जिला सचिव सुधापद बसु, अध्यक्ष सुजाता माइती, कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप चक्रवर्ती और अन्य जिला नेतृत्व उपस्थित रहे।
राज्य समिति की ओर से कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप महापात्र और सचिव मंडल सदस्य तपन मिश्रा शामिल हुए। उन्होंने राज्य समिति का संदेश दिया और चालीसवीं वर्षगांठ की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



