तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर के जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सौम्य शंकर षड़ंगी ने रवींद्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर रेडक्रॉस सोसाइटी में ओल्ड एज क्लिनिक का उद्घाटन किया। यह आयोजन मेदिनीपुर ऑर्थोपेडिक सोसाइटी द्वारा राष्ट्रीय बोन एंड जॉइंट डे के उपलक्ष्य में आयोजित सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रमों का हिस्सा है।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में बोलते हुए ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के सचिव डॉ. एच.पी. गिरि और अध्यक्ष डॉ. गोलक बिहारी माझी ने बताया कि इस क्लिनिक में हर शुक्रवार को दो अनुभवी ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉक्टर 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए स्वास्थ्य जांच, बीएमडी और विटामिन डी परीक्षण सहित विभिन्न सेवाएं प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉक्टर जयदीप पाल, असिस्टेंट सुपर डॉ. सुब्रत नंदी, जिला रेडक्रॉस प्रबंधन समिति के सदस्य डॉ. पी.के. भौमिक, चित्तरंजन मुखर्जी, अनादि कुमार जाना, अमित कुमार साहू, सुप्रिया बेरा, डॉ. चित्तरंजन कुंडू तथा सिस्टर, स्टाफ, ट्रेनी नर्स और दोनों संगठनों के सदस्य उपस्थित थे।
समारोह में 22 श्रावण, विश्व कवि रवींद्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि के अवसर पर कवि गुरु की तस्वीर पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि अर्पण और गीतों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। पूरे कार्यक्रम का संचालन रेडक्रॉस सोसाइटी के कोषाध्यक्ष वकील देवाशीष दास ने किया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

