तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। बाल विवाह के दुष्परिणामों और महिला सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिले के मेदिनीपुर सदर ब्लॉक स्थित पाथरा हाईस्कूल में ‘बाल विवाह प्रतिरोध एवं जागरूकता शिविर’ का आयोजन किया गया।
शिविर में पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस एवं कोतवाली थाना के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बाल विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों, इसके सामाजिक दुष्परिणामों तथा महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम में कोतवाली थाना के एसआई तरुण कुमार हाजरा ने छात्राओं को कम उम्र में विवाह के कारण होने वाली सामाजिक, शारीरिक और शैक्षिक समस्याओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की और विद्यार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी होने पर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
एसआई तरुण कुमार हाजरा ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में विद्यार्थियों और समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पुलिस विभाग की ओर से छात्र-छात्राओं को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही छात्राओं को शिक्षा जारी रखते हुए अपने जीवन में स्थापित होने के लिए उपलब्ध विभिन्न सरकारी सहायता एवं योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से बाल विवाह रोकने के लिए अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि कम उम्र में विवाह न केवल उनके शिक्षा और भविष्य के अवसरों को प्रभावित करता है, बल्कि उनके अधिकारों और सुरक्षित जीवन पर भी प्रतिकूल असर डाल सकता है।
कार्यक्रम में कोतवाली थाना के एसआई तरुण कुमार हाजरा, एएसआई, विलेज पुलिस तथा विद्यालय के प्रभारी प्रधान शिक्षक सुदीप सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित थे। इसके अलावा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में पिनाकी दास भौमिक, वैशाखी घोष, सुशांत सामंत, सौरभ घोष और पुष्पेंदु चक्रवर्ती सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस जागरूकता शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल विवाह के विरुद्ध आवाज उठाने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और महिला सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

