तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर की सुप्रसिद्ध आवृत्ति एवं श्रुति नाटक प्रशिक्षण संस्था ‘बीथिका’, ने अपने प्रथम वार्षिकोत्सव “आवृत्ति की आलोकमंजरी” का भव्य आयोजन किया।
मेदिनीपुर नगर के सांस्कृतिक साधना के केंद्रस्थल रवींद्र निलय सभागार में आयोजित समारोह का शुभारंभ बीथिका के कलाकारों द्वारा नृत्य, संगीत, संस्कृत, अंग्रेज़ी और बंगला भाषा में रचित एक मंगलाचरण प्रस्तुत कर किया गया, जिसमें उन्होंने परमेश्वर से सब कुछ मंगलमय होने की कामना की।
भावपूर्ण प्रस्तुति थी – “असतो मा सद्गमय”, जो पूरे वातावरण को आध्यात्मिक आलोक से भर गई। इस अवसर पर संगीत के दिग्गज जयंत साहा, वाचिक कला के सुविख्यात युगल अमिय पाल और मालविका पाल, ‘नयन’ पत्रिका के संपादक विद्युत पाल,

सायरी अधिकारी की गुरुमां सुतनुका मित्र माईती, मेदिनीपुर नगरपालिका की पार्षद मा सुस्मय मुखर्जी तथा रवींद्र स्मृति समिति के महासचिव लक्ष्मणचंद्र ओझा सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।
उद्घाटन के समय रवींद्रनाथ ठाकुर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर और चारा-रोपण के माध्यम से संस्था ने प्रकृति-संरक्षण का सुंदर संदेश दिया।इसके उपरांत संस्था के 2024–25 शैक्षणिक वर्ष के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण के बाद बाल और युवा प्रतिभाओं ने अपनी सुमधुर वाणी और सटीक उच्चारण से “आवृत्ति की आलोकमंजरी” के मंच को प्रज्ज्वलित कर दिया। उनके प्रस्तुतीकरण में थीं- नन्हों की आवाज में टैगोर की कविताएँ, अधर पर सुकुमार की मधुर छवियाँ, पारंपरिक छंद एवं बाल कवि भवानीप्रसाद की रचनाएँ, सत्येंद्रनाथ, नजरुल और सरल दे की कविताओं के कोलाज।
किशोर कवि सुकांत भट्टाचार्य की जन्मशती के अवसर पर माताओं ने सामूहिक रूप से उसकी कालजयी कविता “छाड़पत्र” का भावपूर्ण वाचन कर उसे श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में, कविता, नृत्य, अंग्रेज़ी वाच्य और लघु नाट्य रूपांतर के संगम से सजा एक विशेष प्रस्तुतीकरण “कविता आलेख्य – विकर्ण” ने संध्या को विशेष आभा दी। सप्तक की लय, स्वर और शब्दों की मिठास में डूबा यह संध्या मैदिनीपुर के साहित्य-प्रेमियों के लिए एक अविस्मरणीय सांस्कृतिक पर्व बन गया।
सम्पूर्ण कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रसिद्ध वाचिक कलाकार मैथिली घोष ने किया, और अंत में संस्था की संचालिका सायरी अधिकारी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों तथा श्रोताओं के प्रति हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए समारोह की औपचारिक समाप्ति की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि आयोजक संस्था की निर्देशक प्रख्यात वाचिक कलाकार सायरी अधिकारी हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



