विशेष आवश्यकता वाले छात्रों की अंतर-जिला खेल प्रतियोगिता
तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। खेल सिर्फ प्रतिस्पर्धा नहीं, आत्मबल और आत्मसम्मान का उत्सव है – इस भावना को साकार करती दिखी विशेष आवश्यकता वाले छात्रों की अंतर-जिला खेल प्रतियोगिता, जिसका आयोजन अखंड मेदिनीपुर जिले के सबसे पुराने विशेष संस्थान मेदिनीपुर रिहैबिलिटेशन सेंटर फॉर चिल्ड्रेन (एमआरसीसी), 1981 की पहल पर मेदिनीपुर के श्री अरविंद स्टेडियम में किया गया।
राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन, पौधों में जलार्पण और उत्साह से भरी मशाल यात्रा ने पूरे स्टेडियम को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।

इस खेल महोत्सव में बौद्धिक एवं श्रवण बाधित विशेष आवश्यकता वाले छात्रों के लिए 20 स्पर्धाएं, अभिभावकों के लिए 2, शिक्षकों के लिए 2 तथा एमआरसीसी कॉलेज के छात्रों के लिए 7, इस प्रकार कुल 29 इवेंट्स आयोजित किए गए। प्रतियोगिता में दो सौ से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लेकर खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
हर स्पर्धा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए, वहीं सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनके प्रयासों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन एशियन जूनियर पावरलिफ्टिंग वर्ग के स्वर्ण पदक विजेता चैंपियन शांति दास एवं संजीव दास के करकमलों से हुआ।
इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. गोलक बिहारी माजी, कोषाध्यक्ष वकील देवाशीष दास, वरिष्ठ पत्रकार तापस माईती, देवनाथ माईती एवं बुद्धदेव दास, प्रसिद्ध गायक समीर महंती, डॉ. स्वदेश रंजन पान, जिला बार एसोसिएशन के सचिव वकील अनुप मिश्र तथा वकील अरिंदम दास विशेष रूप से उपस्थित रहे।
संस्था की ओर से एमआरसीसी के सभापति चित्तरंजन मुखर्जी, सचिव नंददुलाल भट्टाचार्य, कोषाध्यक्ष अनादी जाना, सह-सचिव अमित कुमार साहू एवं प्रशांत महापात्र, सह-सभापति सौमेन घोष तथा परिचालन समिति के सदस्य विद्युत बसु मौजूद थे।
इसके अलावा जिला शतरंज संघ के कार्यकारी सभापति डॉ. विश्वजीत पडिया, राष्ट्रीय शिक्षक मृन्मय दास, डॉ. बाबुलाल शाश्मल, युग्म आह्वायक गौतम दे एवं शिवप्रसाद मिश्र की सहभागिता ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। पूरी प्रतियोगिता का अनुशासित एवं सफल संचालन जिला खेल संघ के अधिकारियों द्वारा किया गया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



