IMG 20251115 WA0013

मेदिनीपुर कॉलेजिएट स्कूल ने मनाया 192वां स्थापना दिवस

तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर के प्रख्यात और परंपरा संपन्न शिक्षालय मेदिनीपुर कॉलेजिएट स्कूल ने अपने 192वें स्थापना दिवस का भव्य उत्सव बड़ी श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाया।

प्रातः बेला में विद्यालय की प्रधान शिक्षिका हिमानी पड़िया ने ध्वजारोहण के साथ ही विद्यालय प्रांगण में स्थित प्राचीन वटवृक्ष पर पुष्पांजलि अर्पित कर समारोह का शुभारंभ किया।

प्रधान शिक्षक एवं अन्य शिक्षकों ने परिसर में स्थित महान विचारकों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। विद्यालय के विद्यार्थी कतारबद्ध होकर “192” का सजीव प्रतीक बन गए, मानो इतिहास स्वयं उनके अनुशासन में आकार ले रहा हो।

इसके उपरांत केक काटा गया और सायंकाल बेलून उड़ाकर तथा आतिशबाज़ियों से आकाश को आलोकित कर आनंदोत्सव मनाया गया। पूरा परिसर रंग-बिरंगी रोशनियों से सज उठता, मानो विद्यालय अपने गौरवपूर्ण अतीत पर गर्व से दमक रहा हो।

संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि 1834 को स्थापित इस शिक्षालय का प्रारंभ “मेदिनीपुर सरकारी जिला स्कूल” के रूप में हुआ था। यह न केवल बंगाल, बल्कि भारत के सबसे प्राचीन विद्यालयों में से एक है।

स्वतंत्रता संग्राम के अनेक योद्धाओं और महान विभूतियों ने इसी संस्था से ज्ञानार्जन किया। अमर शहीद खुदीराम बोस इसके गौरवशाली छात्र रहे हैं।

इसी पावन भूमि से बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय, मानिक बंद्योपाध्याय जैसे साहित्य सम्राटों ने भी शिक्षा प्राप्त की। प्रसिद्ध ब्रह्म समाज नेता और शिक्षाविद ऋषि राजनारायण बोस ने प्रधान शिक्षक के रूप में इस विद्यालय की आधारशिला को मजबूत किया।

मिदनापुर जिले के विभाजन के बाद यह विद्यालय अब पश्चिम मिदनापुर में स्थित है। इतिहास साक्षी है कि यह शिक्षालय मिदनापुर के आम नागरिकों की सामूहिक इच्छा और परिश्रम का परिणाम था, जनजन की आस्था, शिक्षा और संस्कार का प्रतीक।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 × three =