तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। भीषण गर्मी के बीच जब रक्त की आवश्यकता बढ़ जाती है, ऐसे समय मेदिनीपुर सिटी कॉलेज ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए बुधवार को एक विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया। मानवता के इस महाअभियान में कुल 233 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर अनेक जरूरतमंद मरीजों के लिए आशा की नई किरण जगाई।
सुबह 10 बजे शुरू हुए इस शिविर में कॉलेज परिसर मानो सेवा और संवेदना के उत्सव में बदल गया। रक्तदाताओं के उत्साहवर्धन के लिए महाविद्यालय की ओर से प्रत्येक सहभागी को स्मृति-चिह्न और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रदीप घोष, महाविद्यालय अध्यक्ष डॉ. सुदील चक्रवर्ती, उपाध्यक्ष डॉ. कुन्तल घोष, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. समर दास, बांग्ला विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश जाना, इतिहास विभाग के प्राध्यापक प्रो. सोमनाथ राणा तथा शिक्षाविद एवं समाजसेवी सुदीप कुमार खांड़ा सहित अनेक विशिष्टजन उपस्थित रहे। सभी ने रक्तदान को “महादान” बताते हुए युवाओं की सहभागिता की सराहना की।
रक्त संग्रह के लिए मेदिनीपुर, सालबोनी और नयाग्राम के तीन ब्लड सेंटरों को आमंत्रित किया गया था। उनके प्रतिनिधियों ने पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
रक्तदान करने वालों में 161 पुरुष और 72 महिलाएं शामिल रहीं। कॉलेज प्रशासन ने इसे विद्यार्थियों, शिक्षकों और समाज के संयुक्त प्रयास का प्रेरक उदाहरण बताते हुए कहा कि भविष्य में इस पहल को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
मेदिनीपुर सिटी कॉलेज का यह आयोजन केवल एक शिविर नहीं, बल्कि यह संदेश भी था कि किसी की धड़कनों को बचाने के लिए कुछ बूंद रक्त ही पर्याप्त होते हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

