तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से पश्चिम बंगाल विज्ञान मंच के मेदिनीपुर ग्रामीण पूर्व विज्ञान केंद्र ने वार्षिक सांस्कृतिक प्रतियोगिता एवं मेधा परीक्षा-2025 के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया। मेदिनीपुर सदर ब्लॉक स्थित हरिशपुर देशप्राण हाईस्कूल में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाओं का उत्साह देखते ही बनता था।
कार्यक्रम की शुरुआत विज्ञान मंच के ध्वजारोहण और शहीद वेदी पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। अध्यक्षता विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष एवं शिक्षक सुदीप कुमार खांड़ा ने की, जबकि सचिव डॉ. शुभ्रांशु शेखर सामंत ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए विज्ञान एवं वैज्ञानिक सोच को समाज में मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर विज्ञान मंच के जिला सचिव सुधापद बसु, जिला नेतृत्व सुषमा प्रधान तथा हरिशपुर देशप्राण हाईस्कूल के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर पंडा ने विद्यार्थियों को विज्ञान के साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान आवृत्ति, संगीत, क्विज, विज्ञान मॉडल, चित्रांकन, निबंध लेखन, तत्काल भाषण, वाद-विवाद और विज्ञान समाचार वाचन जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। करीब 70 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन नारायण प्रसाद चौधरी, अतनु मित्र, अर्णब बेरा, राजप्रीति सेन, वर्णाली मंडल, अल्पना देवनाथ बसु और सबिता मन्ना ने किया।
विभिन्न वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वहीं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं और मेधा परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सुदीप कुमार खांड़ा, डॉ. शुभ्रांशु शेखर सामंत, डॉ. कुलदीप राय चौधरी एवं डॉ. राजशेखर प्रामाणिक के मार्गदर्शन के साथ प्रधानाचार्य चंद्रशेखर पंडा, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
समारोह ने यह संदेश दिया कि वैज्ञानिक सोच और सांस्कृतिक चेतना का समन्वय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला बन सकता है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

