तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। रक्तदान के प्रति जागरूकता और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्टूडेंट्स हेल्थ होम के मेदिनीपुर आंचलिक केंद्र की ओर से शनिवार को वार्षिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 31 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
शिविर की शुरुआत कविगुरु रवींद्रनाथ ठाकुर, सुकांत भट्टाचार्य, स्वामी विवेकानंद, काजी नजरुल इस्लाम सहित अन्य महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद रक्तदान का सिलसिला शुरू हुआ। रक्तदाताओं में युवाओं के साथ अन्य आयु वर्ग के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए मेदिनीपुर के पौर प्रमुख सौमेन खान, चिकित्सक डॉ. बी.बी. मंडल, चंदन सेनगुप्ता, संजीव भट्टाचार्य और चंडी भट्टाचार्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनके इस मानवीय प्रयास की सराहना की।
आयोजकों ने कहा कि रक्त की जरूरत किसी भी समय और किसी भी व्यक्ति को पड़ सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान न केवल रक्त की कमी को दूर करने में मदद करता है, बल्कि समाज में सहयोग और मानवीय संवेदना की भावना को भी मजबूत करता है। इसी उद्देश्य से स्टूडेंट्स हेल्थ होम की ओर से प्रत्येक वर्ष रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है।
शिविर के आयोजन में स्टूडेंट्स हेल्थ होम के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। आयोजकों ने रक्तदाताओं सहित शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

