पैरालंपिक में भारत पर पदकों की बारिश, आज जीते 4 पदक

(निशानेबाजी) – अवनि लेखरा ने 10 मीटर एयर राइफल में भारत के लिए जीता स्वर्ण

टोक्यो : भारत की अवनि लेखरा ने सोमवार को 249.6 के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल एसएच1 में टोक्यो पैरालंपिक खेलों में देश के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता। 19 वर्षीय अवनि को 2012 में एक कार दुर्घटना में रीढ़ की हड्डी में चोट लग गई थी। अवनि ने फाइनल के लिए सातवें स्थान पर क्वालीफाई किया, लेकिन फाइनल में शानदार प्रयास के साथ शीर्ष पर पहुंच गई।

चीन की महिला शूटर झांग कुइपिंग 248.9 स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रही। जबकि यूक्रेन की इरिना शेतनिक ने कुल 227.5 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। इसी के साथ भारत ने टोक्यो पैरालंपिक में पांचवा पदक जीत लिया है। इससे पहले आज ही पुरुष डिस्कस थ्रो एफ56 वर्ग में योगेश काथुनिया ने रजत पदक जीता।

(भाला फेंक) – देवेंद्र ने जीता रजत, सुंदर ने जीता कांस्य : भारत के देवेंद्र झांझरिया और सुंदर सिंह गुर्जर ने यहां चल रहे टोक्यो पैरालंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए भाला फेंक एफ-46 वर्ग में क्रमश: रजत और कांस्य पदक अपने नाम किया। देवेंद्र और सुंदर के पदक जीतने के साथ ही भारत ने इस पैरालंपिक में अब तक सात पदक जीत लिए हैं।

दो बार पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता देवेन्द्र ने 64.35 मीटर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। देवेन्द्र का यह स्कोर उनका निजी बेस्ट स्कोर रहा। देवेन्द्र के अलावा सुंदर ने अपने सीजन का बेस्ट प्रदर्शन करते हुए 64.01 का स्कोर कर तीसरा स्थान हासिल किया। इस इवेंट से भारत ने दो पदक अपने नाम किए। श्रीलंका के हेरात मुदी यान सैलाजे ने विश्व रिकार्ड बनाते हुए 67.79 का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता।

भारत के एक अन्य पैरा भाला फेंक एथलीट अजीत सिंह इस इवेंट में 56.15 का स्कोर कर आंठवे स्थान पर रहे।

(डिस्कस थ्रो) – योगेश ने एफ56 वर्ग में जीता रजत पदक : भारत के योगेश काथुनिया ने यहां जारी टोक्यो पैरालम्पिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष डिस्कस थ्रो एफ56 वर्ग में रजत पदक जीता। योगेश ने फाइनल में 44.38 मीटर का थ्रो कर दूसरा स्थान हासिल किया। ब्राजील के सांतोस डोए क्लाउडिने बतिस्ता ने 45.59 मीटर का थ्रो कर नया पैरालम्पिक रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता।

क्यूबा के लियोनार्ड एलांडाना डियाज ने 43.36 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता। 24 वर्षीय योगेश एक समय स्वर्ण पदक की दौड़ में थे लेकिन बतिस्ता ने अपने पहले थ्रो में 44.57 का थ्रो किया। बतिस्ता ने अपने छठे प्रयास में पैरालम्पिक खेल का रिकॉर्ड सेट किया। भारत ने टोक्यो पैरालंपिक में अब तक एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक जीते हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *