खड़गपुर। पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मयना में अखिल भारतीय किसान और खेत मजदूर संगठन द्वारा आयोजित मयना ब्लॉक किसान सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में संगठन के पश्चिम बंगाल राज्य अध्यक्ष पंचानन प्रधान उपस्थित थे।
इसके अलावा संगठन के जिला अध्यक्ष उत्पल प्रधान, जिला सचिव जगदीश सॉ, ऑफिस सचिव प्रवीर प्रधान और कार्तिक बेरा सहित अन्य नेता भी उपस्थित थे।
सम्मेलन में कृषि में मुफ्त बिजली, कम कीमत पर उर्वरक, बीज और कीटनाशक की आपूर्ति, नदियों और जल निकासी नहरों की पूर्ण सफाई, पान को कृषि उत्पाद के रूप में मान्यता देना और कृषि मजदूरों के लिए 100 दिनों का काम आदि मांगों पर चर्चा की गई।
सम्मेलन में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई, जिनमें फसलों के लिए उचित मूल्य नहीं मिलना, प्राकृतिक आपदाओं के कारण नुकसान और नदियों और नहरों के अभाव में जल निकासी की समस्या शामिल रही।
राज्य अध्यक्ष पंचानन प्रधान ने केंद्र और राज्य सरकारों की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट और जागरूक आंदोलन का आह्वान किया।
ब्लॉक समिति का गठन : सम्मेलन के अंत में, भृगुराम जाना को अध्यक्ष, मधुसूदन मंडल को सचिव, ब्रज मैती को सह सचिव और स्वपन मैती को कोषाध्यक्ष के रूप में 19 सदस्यों की मयना ब्लॉक समिति का गठन किया गया।
सम्मेलन का समापन जोश और उत्साह के साथ हुआ, जिसमें किसानों ने अपनी एकजुटता और संघर्ष के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

