मास्क नहीं पहनने पर कोलकाता से 308 व अन्य कारणों से 33 लोग गिरफ्तार

कोलकाता : कोविड-19 संबंधी दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने पर कोलकाता पुलिस की कार्रवाई जारी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मास्क नहीं पहनने के आरोप में कोलकाता पुलिस ने महानगर के विभिन्न स्थानों से 308 लोगों को गिरफ्तार किया। एक दिन पहले मंगलवार को भी 308 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

वहीं, सुरक्षा दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने पर 91 लोगों को गिरफ्तार किया एवं उनके खिलाफ आइपीसी की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया। 33 लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर थूकने के आरोप में पकड़ा गया।इसके अलावा पुलिस ने 13 वाहनों को जब्त किया। यह गिरफ्तारियां शाम 8 बजे तक की है। उल्लेखनीय है कि सुरक्षा दिशा- निर्देशों के उल्लंघन में कोलकाता पुलिस हर दिन बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां कर रही है।

बताते चलें कि बंगाल में कोरोना का संक्रमण लगातार फैलता जा रहा है और मरने वालों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। बुधवार को राज्य में कोरोना वायरस के 2976 नए मामले आए एवं 56 लोगों की मौत हुई है। राज्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार इसी के साथ राज्य में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1,68,697 हो गया है जिनमें 24,445 एक्टिव केस है। वहीं, कोविड-19 से राज्य में मरने वालों की संख्या बढ़कर 3339 हो गई है। इनमें कोलकाता में सबसे अधिक 1318 लोगों की मौत हो चुकी है। महानगर में बुधवार को 393 नए मामले आए एवं 17 मरीजों की मौत हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *