Mamata

ममता बनर्जी ने दोल यात्रा और होली पर ‘पवित्र सद्भाव’ बनाए रखने का किया आह्वान

कोलकाता, 3 मार्च 2026: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को दोल यात्रा और होली के अवसर पर लोगों के बीच “पवित्र सद्भाव” बनाए रखने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा रचित दोल यात्रा उत्सव पर एक गीत की दो पंक्तियां साझा कीं, जिसमें नोबेल पुरस्कार विजेता कवि ने रंगों के इस त्योहार से लोगों के बीच सद्भाव और एकजुटता की भावना को रेखांकित किया है।

मुख्यमंत्री का संदेश

ममता बनर्जी ने पोस्ट में लिखा: “मैं सभी को शुभ दोल जात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देती हूं। शांति की होली और दोल मानवता में पवित्र सद्भाव लाएं।”

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में श्री चैतन्य महाप्रभु के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया: “चैतन्य देव का जीवन और मानवता के प्रति उनके आदर्श पिछले 500 वर्षों से हमारा मार्गदर्शन और प्रेरणा रहे हैं।

मानवता के प्रति उनके सच्चे प्रेम ने सभी लोगों को, धनी और गरीब, विद्वान और अनपढ़, जाति, पंथ या धर्म के भेदभाव से परे, एकजुट किया। प्रेम के बंधन में बांधकर उन्होंने समानता और एकता का मार्ग दिखाया, जिसके परिणामस्वरूप बंगाल का पुनर्जागरण हुआ। इसलिए, मेरे लिए महाप्रभु का धर्म मानवता का धर्म है।”

सहिष्णुता की परंपरा को कलंकित न होने देने की अपील

मुख्यमंत्री ने आगे कहा: “इस विशेष दिन पर लोगों को शपथ लेनी चाहिए कि वे श्री चैतन्यदेव की बंगाली धर्मनिरपेक्षता और सहिष्णुता की परंपरा को कलंकित नहीं होने देंगे।”

नवद्वीप को ‘विरासत नगर’ बनाने की योजना

ममता बनर्जी ने बताया कि उनकी सरकार महाप्रभु के जन्मस्थान नवद्वीप को ‘विरासत नगर’ के रूप में विकसित कर रही है। राज्य सरकार ने निकटवर्ती मायापुर में इस्कॉन के पवित्र तीर्थ नगर के निर्माण के लिए 700 एकड़ भूमि आवंटित की है।

विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी की शुभकामनाएं

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी लोगों को दोल यात्रा और होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा: “सभी को आनंदमय दोल पूर्णिमा, वसंत उत्सव की शुभकामनाएं और होली की हार्दिक बधाई।”

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

four × five =